अंतरजनपदीय चोर गिरोह का सरगना पकड़ा गया
चोरी की बाइक और तमंचा, कारतूस बरामद
दिन में गिरोह के गुर्गे करते हैं फेरी और रात में चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा (संतकबीरनगर)। संभल जिले से आकर दिन में कपड़े बेचने के लिए फेरी लगाने और रात में चोरी करने वाले गिरोह के सरगना को धनघटा पुलिस ने बृहस्पतिवार को परसा गांव के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास चोरी की बाइक, तमंचा व पांच कारतूस मिले।
पौली के चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र मिश्रा पुलिस कर्मियों के साथ राम जानकी मार्ग पर परसा गांव के पास वाहन की चेकिंग कर रहे थे। कलवारी की तरफ से बाइक से तेज गति के साथ गुजरते संदिग्ध युवक को रोका तो वह बाइक छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने दौड़ा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक अपना नाम काशिब उर्फ आसिफ इंदूपुरा खेड़ा थाना नखाषा जिला संभल बताया। युवक से जब पुलिस कड़ाई से पेश आई तो उसने बताया कि जिस बाइक से चल रहा है, उसे बस्ती जिले से चोरी की थी। तलाशी में उसके पास से तमंचा, पांच कारतूस मिले।
एसओ जयवर्द्धन सिंह ने बताया कि युवक ने बताया कि सात-आठ लोगों की उसकी टीम है। वह गिरोह का सरगना है। वे लोग दिन में कपड़े बेचते हैं और रात में चोरी करते हैं। गिरोह के अन्य गुर्गों की तलाश की जा रही है। पकड़े गए युवक पर आर्म्स एक्ट, जालसाजी, चोरी आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।