संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के मगहर स्थित जमीन का सौदा कर 10.40 लाख रुपये लेने के बाद दूसरे के नाम बैनामा करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जमीन विक्रेता और उसके परिवार के चार सदस्यों पर धोखाधड़ी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस अधीक्षक के जन शिकायत प्रकोष्ठ में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है।कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र के भरपही गांव निवासी अनिल कुमार के अनुसार, जनवरी 2025 में मगहर के अंजान शहीद मोहल्ला निवासी रामधनी प्रजापति से मगहर खास स्थित जमीन खरीदने की बातचीत हुई थी।
जमीन पसंद आने पर 10 लाख रुपये प्रति बिस्सा की दर से छह बिस्सा से कुछ अधिक जमीन का सौदा तय हुआ। आरोप है कि 27 मई 2025 को 50 हजार रुपये महताब आलम के मोबाइल से और 50 हजार रुपये खुद गूगल पे से दिए। सात अगस्त को 50 हजार रुपये, छह नवंबर को मित्र साजिद के मोबाइल से एक लाख और 90 हजार रुपये पेटीएम से भेजे। नौ दिसंबर को रामधनी के एसबीआई खाते में तीन लाख रुपये आरटीजीएस किए।
इसके अलावा आठ दिसंबर को उमेश चंद्र प्रजापति की मौजूदगी में चार लाख रुपये नकद दिए गए। इस तरह 10.40 लाख रुपये भुगतान करने का दावा किया है।
अनिल कुमार का आरोप है कि शेष रकम लेकर जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात कही तो रामधनी ने एक सप्ताह का समय मांगा। बाद में पता चला कि संबंधित जमीन रामधनी ने अपनी दो बहुओं के नाम रजिस्ट्री कर दी है। इस संबंध में पूछने पर रामधनी, उनके बेटे संजीव कुमार और सोमई प्रजापति तथा बहुएं भांति और बबिता ने गालियां दीं।
कोतवाल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।