क्षेत्र पंचायत की बैठक स्थगित, प्रमुख समर्थकों ने किया हंगामा
- बीडीओ और एसओ पर मनमानी का मढ़ा आरोप
- प्रमुख के बेटे ने कहा-हाईकोर्ट ले जाएंगे मामला
सेमरियावां। विकास खंड सेमरियावां के ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को बुलाई गई क्षेत्र पंचायत की बैठक कोरम के अभाव में स्थगित कर दी गई। बीडीओ की ओर से बैठक स्थगित किए जाने की जैसे ही घोषणा की गई, वैसे ही प्रमुख के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रमुख समर्थकों का आरोप है कि सत्ता पक्ष के दबाव में बीडीओ और एसओ ने मनमानी की है। इस मामले को लेकर हाईकोर्ट जाएंगे।
क्षेत्र पंचायत की बैठक के लिए ब्लॉक प्रमुख मजहरुन्निशा की अध्यक्षता में ग्राम प्रधान व बीडीसी सदस्यों के साथ जिला पंचायत सदस्य व विधायक को आमंत्रित किया गया था। सुबह 11 बजकर आठ मिनट पर बीडीओ ने बैठक शुरू की। बैठक शुरू होते ही बीडीओ ने ग्राम प्रधान व बीडीसी सदस्य के प्रतिनिधि को ब्लॉक सभागार से बाहर निकाल दिया। फिर 11:18 बजे ब्लॉक सभागार का गेट बंद करा दिया। बैठक में कुल 46 सदस्य ही शामिल हो सके। गेट बंद होने से कई प्रधान व बीडीसी सदस्य बैठक में शामिल नहीं हो सके। बैठक में मौजूद बीडीसी सदस्यों में लंच पैकेट वितरित करने के बाद बीडीओ विनोद मणि त्रिपाठी ने 11:38 बजे कोरम पूरा नहीं होने की बात बताकर बैठक को स्थगित करने की घोषणा कर दी। उसके बाद प्रमुख के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। ब्लॉक प्रमुख मजहरुन्निशा के बेटे व पूर्व प्रमुख मुमताज अहमद का आरोप है कि बीडीओ और एसओ की तानाशाही की वजह से बैठक की कार्रवाई कोरम के अभाव में नहीं हो पाई।
जबकि 85 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 50 से अधिक संख्या में प्रधानगण आए थे। पुलिस ने जबरन गेट बंद करवा दिया और सदस्यों को भगा दिया। आरोप है कि इसके पूर्व 23 मई 2022 को भी बैठक बुलाई थी और एजेंडा जारी हुआ था, लेकिन बैठक को सत्ता पक्ष के दबाव में स्थगित कर दिया गया था। उसकी मां को प्रमुख पद का शपथ लिए 14 माह गुजर गए, लेकिन एक भी बैठक नहीं हो पाई। जिसकी वजह से क्षेत्र का विकास बाधित है। इस प्रकरण को लेकर वह हाईकोर्ट जाएंगे। इधर, विवाद होने की सूचना पर एसडीएम सदर अजय कुमार त्रिपाठी, सीओ अंशुमान मिश्र पहुंच गए। ब्लॉक प्रमुख मजहरुन्निशा ने एसडीएम से शिकायत की है कि सत्ता पक्ष के दबाव में बैठक स्थगित की गई है। बीडीओ ने जबरन अंगूठा लगवाया है। बीडीओ और एसओ की तानाशाही के खिलाफ डीएम और एसपी से भी गुहार लगाएंगी। एसडीएम ने सभी आरोप लिखित में देने के लिए कहा। बैठक में विधायक सदर के प्रतिनिधि के रूप में पूर्व प्रमुख महमूद आलम चौधरी, निवर्तमान सपा जिलाध्यक्ष गौहर अली खान, एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दीकी, एडीओ आईएसबी संतराम चौधरी, एडीओ समाज कल्याण अजय कुमार, जेई लघु सिंचाई शिवदास, ग्राम सचिव असदुल्लाह खान, योगेंद्र गौड़, कुणाल सिंह, अनिल चौधरी, मिहिर गौतम आदि मौजूद थे।
ब्लॉक में 121 बीडीसी सदस्य और 113 ग्राम प्रधान मिलाकर कुल 234 सदस्य हैं। बैठक में एक तिहाई सदस्य की उपस्थित जरूरी है। इस हिसाब से बैठक में 78 सदस्य होने चाहिए। जबकि 46 सदस्य ही मौजूद थे। इसलिए कोरम के अभाव में बैठक नहीं हो सकी और स्थगित कर दी गई। उनके ऊपर प्रमुख और उनके समर्थकों के जरिए लगाए गए आरोप निराधार हैं।
- विनोद मणि त्रिपाठी, बीडीओ