सीएमओ कार्यालय में कोविड का डाटा फीड करते कर्मचारी।
- फोटो : KHALILABAD
कोविड कमांड सेंटर व नियंत्रण कक्ष फिर हुआ सक्रिय
संतकबीरनगर। कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए डीएम दिव्या मित्तल ने सीएमओ कार्यालय में एकीकृत कमांड सेंटर एवं नियंत्रण कक्ष को फिर सक्रिय करने का निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना की जांच बढ़ाई जाए। साथ ही लोगों से अपील की है कि घर से बाहर कम से कम निकले तथा मास्क अवश्य लगाएं।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोविड-19 टीकाकरण के कार्य में तेजी लाई जाए। अन्य प्रदेशों से आने वाले लोगों की कोरोना जांच अवश्य कराई जाए। जांच रिपोर्ट आने तक उन्हें घर में क्वारंटीन किया जाए। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें एल-वन हॉस्पिटल में भर्ती कराया जाएगा। उन्होंने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए सैंपलिंग और जांच की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए। पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति के संपर्क में आए 25 से 30 लोगों का 48 घंटे के भीतर जांच कराई जाए। डीएम ने आगामी त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार का जुलूस निकालने, कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य है। जुलूस एवं सार्वजनिक कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति तथा 10 साल से छोटे बच्चों एवं गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों को प्रतिभाग न करने दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कक्षा आठ तक के निजी एवं सरकारी विद्यालय 31 मार्च तक होली अवकाश के लिए बंद रहेंगे। अन्य शिक्षण संस्थान मेडिकल तथा नर्सिंग कॉलेज छोड़कर 25 से 31 मार्च तक बंद रहेंगे, लेकिन जहां पर परीक्षा हो रही है वह यथावत संपन्न होगी। प्रशिक्षण संस्थानों में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लोगों का बाहर निकलना कम से कम हो। उन्होंने निर्देश दिए कि जेल से जब भी कोई बंदी बाहर जाए तो कारागार प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि सामाजिक दूरी के नियमों का पालन हो तथा जब वापस आए तो उसकी कोरोना जांचजॉच करा ली जाए।
एक व्यक्ति मिला संक्रमित
संतकबीरनगर। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में जिले में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। जबकि 1370 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक जिले में 3490 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। 44 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि बुधवार को जिले मेें कोरोना का एक पॉजिटिव मरीज मिला है। वह सांथा क्षेत्र का रहने वाला है। 1379 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक जिले में 3490 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। 3409 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 44 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जिले में 37 एक्टिव केस हैं। 25 होम आईसुलेट हैं और 12 लोग एमसीएच विंग में भर्ती है। 697 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।