- धनघटा थाना क्षेत्र के उमरिया पांडेय गांव का मामला
- बारिश में पेड़ गिरने से नीचे लटक रहा था बिजली का तार
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा/ रोसयाबाजार। क्षेत्र के उमरिया पांडेय गांव में शनिवार की देर शाम रास्ते के किनारे लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कोटेदार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान हाईटेंशन बिजली के तार पर पेड़ गिर गया था। पेड़ हटा दिया गया लेकिन तार रास्ते पर लटक रहा था, उसे दुरुस्त नहीं किया गया था।
उमरिया पांडेय गांव के कोटेदार राजमन (69) पुत्र गोलई चौधरी शनिवार की देर शाम साइकिल से घर से पारा चौराहे पर जा रहे थे। उन्होंने चौराहे पर मोबाइल बनने के लिए दिया था। वह गांव के बाहर निकले ही थे कि रास्ते के किनारे लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। अंधेरा होने की वजह से देख नहीं पाए और तार उनकी गर्दन से छू गया। इस दौरान तार में करंट प्रवाहित होने के कारण राजमन को तेज झटका लगा और वह साइकिल समेत गिर गए।
सूचना पर आसपास के लोग पहुंचे और राजमन को सीएचसी मलौली ले जाया गया। सीएचसी के चिकित्सकों ने राजमन को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है हाईटेंशन तार लटके होने की सूचना बिजली निगम को दी गई थी, लेकिन सप्लाई नहीं बंद की गई, बिना तार दुरुस्त कराए बिजली आपूर्ति नहीं शुरू करनी चाहिए थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिजली काटने की सूचना मिली थी। जब तक बिजली कटती उससे पहले ही वृद्ध करंट की चपेट में आ गया। कर्मचारियों को भेजकर तार सही कराया जा रहा है।
- कौशल किशोर, एसडीओ, धनघटा