- बुधवार को बैजनाथपुर गांव में कोटे की जांच के दौरान प्रधान और कोटेदार के बीच हुई थी मारपीट
- एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग
- 13 नामजद 50 अज्ञात के खिलाफ केस
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। बुधवार को बैजनाथपुर गांव में कोटा की दुकान जांच के दौरान प्रधान और कोटेदार के बीच हुए विवाद के मामले में कोटेदार एवं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष के साथ पुलिस के दुर्व्यवहार से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। साथ ही एसडीएम को ज्ञापन देकर पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। भाजपाइयों ने चेतावनी दिया है कि अगर कल तक पुलिस कर्मी यहां से नहीं हटे तो भाजपा के लोग थाना गेट के सामने धरने पर बैठ जाएंगे।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रणविजय सिंह बैजनाथपुर गांव के कोटेदार हैं तो लक्ष्मी देवी पत्नी जनार्दन चौहान ग्राम प्रधान हैं। दोनों के बीच पहले उपजा विवाद बढ़ते हुए कोटेदार तक पहुंच गया। सैकड़ों कार्ड धारक ग्राम प्रधान के साथ तहसील में पहुंचकर 15 दिन पहले एसडीएम को शिकायत पत्र देकर जांच कराकर कार्रवाई की मांग किए थे।
बृहस्पतिवार को जांच के लिए सप्लाई इंस्पेक्टर सौरभ गोस्वामी पहुंचे और 15 कार्ड धारकों का बयान ही दर्ज कर पाए थे की दोनों पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया। बात मारपीट में बदल गई। भाजपा नेता एवं कोटेदार रणविजय सिंह का आरोप है कि जब विवाद शुरू हुआ उसी समय थानाध्यक्ष से फोर्स भेजने की मांग किए लेकिन कोई पुलिस कर्मी नहीं पहुंचा। प्रधान पक्ष के लोग इतना उग्र हो गए की कोटेदार रणविजय समेत उनके परिजनों को मारपीट कर घायल कर दिए।
आरोप है कि दो घंटे बाद पुलिस पहुंची और रणविजय सिंह के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने लेकर चली आई। एसआई हरिनारायण दीक्षित, एसआई गामा यादव उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए हवालात में बंद कर दिए। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की जगह पुलिस थाने में प्रताड़ित करती रही। भाजपा के कई कार्यकर्ता थाना में पहुंचे तो घायल रणविजय सिंह और उनके परिजनों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली भेजा गया।
भाजपा नेता एवं कोटेदार रणविजय सिंह ने कहा कि पुलिस उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार की तो दूसरे पक्ष की मदद करने में जुटी रही। बृहस्पतिवार को भाजपा के बाबा दानी नाथ शिव मंदिर धनघटा पर बैठक कर रणनीति बनाई कि अगर 24 घंटे भीतर थाना अध्यक्ष अनिल कुमार, हरिनारायण दीक्षित, गामा यादव और कांस्टेबल संतोष यादव को हटाया नहीं गया तो थाना गेट के सामने भाजपा के लोग धरना देंगे। बैठक में लोहरैया मंडल के अध्यक्ष दिलीप राय, नितेश राय, सुनील पांडे, घनश्याम शुक्ला, राजकुमार शुक्ला, प्रेम नारायण सिंह, सच्चिदानंद , संतोष पाल, राजन राय आज लोग मौजूद रहे।
13 नामजद 50 अज्ञात के विरुद्ध केस
धनघटा। पुलिस ने बृहस्पतिवार को भाजपा नेता एवं कोटेदार रणविजय सिंह के तहरीर पर प्रधान पक्ष के 13 नामजद 50 अज्ञात के विरुद्ध मारपीट, बलवा आदि का केस दर्ज की है।
बुधवार को बैजनाथपुर गांव में कोटे की दुकान का जांच करने गए सप्लाई इंस्पेक्टर सौरव गोस्वामी के समक्ष कोटेदार और प्रधान पक्ष के बीच जमकर संघर्ष हुआ था। जिसमें दोनों पक्ष के 10 लोगों से अधिक लोग घायल हो गए थे। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर दोनों पक्ष ने थाने पर तहरीर दिया था। रणविजय सिंह के तहरीर के आधार पर प्रधान पक्ष के सुनील कुमार, सिकंदर, शैलेंद्र समेत तेरह नामजद 50 अज्ञात के विरुद्ध पुलिस ने केस दर्ज की है। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि इस मामले में कारवाई प्रचलित है।