जिले में अब तक 1944 लोग मिले हैं पॉजिटिव, 21 संक्रमित की हो चुकी है मौत
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। सोमवार को बस्ती के कैली अस्पताल में भर्ती एक संक्रमित की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं डॉक्टर और लैब टेक्निशियन समेत 23 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। अब तक जिले में 1944 संक्रमित मिले हैं, इसमें 1716 लोग ठीक हो चुके हैं। 21 संक्रमित की मौत हो चुकी है। 207 लोगों का उपचार चल रहा है। सोमवार को स्वस्थ होने के बाद 30 लोगाें को घर भेजा गया। यह जानकारी अपर सीएमओ डॉक्टर मोहन झा ने दी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को बस्ती के कैली अस्पताल में भर्ती खलीलाबाद क्षेत्र के निवासी एक 52 वर्षीय संक्रमित शख्स की मौत हो गई। शनिवार को शख्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित शख्स की स्थिति ठीक नहीं होने से उसे कैली अस्पताल रेफर किया गया था। संक्रमितों में खलीलाबाद ब्लॉक क्षेत्र का एक, बेलहर कला ब्लॉक क्षेत्र का एक, नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र के तीन, सांथा ब्लॉक क्षेत्र का एक, बघौली ब्लॉक क्षेत्र के दस, मेंहदावल ब्लॉक क्षेत्र के दो, सेमरियावा ब्लॉक क्षेत्र के तीन, पौली और हैंसर बाजार ब्लॉक क्षेत्र के एक- एक शख्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 4402 लोगों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।