कोरोना अलर्ट: निगरानी समिति हुई सक्रिय, मॉकड्रिल आज
- डीएम ने एमसीएच विंग के कोरोना एलटू अस्पताल का निरीक्षण किया
- ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर समेत ऑक्सीजन प्लांट को देखा
संतकबीरनगर। कोरोना को लेकर स्वास्थ्य महकमा सतर्क को गया है। इसके लिए निगरानी समिति को सक्रिय कर दिया गया है। जिले के चार सीएचसी और जिला अस्पताल में मॉकड्रिल को लेकर सोमवार को तेजी के साथ तैयारी की गई। डीएम प्रेमरंजन सिंह ने जिला अस्पताल स्थित कोविड एलटू अस्पताल का निरीक्षण किया और व्यवस्था देखी। मंगलवार को एक साथ चार सीएचसी और जिला अस्पताल में मॉकड्रिल होगा, इसके लिए नोडल अफसर तैनात कर दिए गए हैं।
चीन में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए जिले में कोरोना को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। जिला अस्पताल स्थित एमसीएच विंग में बने कोविड एलटू अस्पताल को सक्रिय कर दिया गया है। यहां पर ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर समेत अन्य उपकरण चुस्त-दुरुस्त कर दिए गए हैं।
जिले में निगरानी समिति को सक्रिय कर दिया गया है। बाहर से आने वाले लोगों पर नजर रखी जाएगी। डीएम प्रेमरंजन सिंह, सीडीओ अतुल मिश्र ने सोमवार को कोविड एलटू अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां पर कोविड एलटू अस्तपाल में लगे बेड, ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर, ऑक्सीजन प्लांट को देखा। इसमें सभी चुस्त-दुरुस्त पाए गए। डीएम प्रेमरंजन सिंह ने कहा कि किसी प्रकार कमी न रहे। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, जो भी जरूरत के सामान है, उसे मंगा लिया जाए। इस दौरान सीएमओ डॉ अनिरुद्ध सिंह, सीएमएस डॉ. ओपी चतुर्वेदी, अपर सीएमओ डॉ. वीपी पांडेय, जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुबारक अली समेत अन्य मौजूद थे।
न लगा रहे मास्क, न कर रहे सामाजिक दूरी का पालन
संतकबीरनगर। जिले में कोरोना को लेकर जहां प्रशासनिक स्तर पर तैयारी तेज हो गई है। वहीं लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। इसके साथ ही मास्क भी नहीं लगा रहे हैं। जिला अस्पताल में मरीज व उनके तीमारदार भी बिना मास्क के अस्पताल पहुंच जा रहे हैं। सीएमओ डॉ अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि लोग सामाजिक दूरी का पालन करें और मास्क जरूर लगाएं। जिससे कोरोना से बचा जा सके। फिलहाल अभी जिले में कोरोना का कोई केस नहीं है, लेकिन फिर भी लोग सतर्कता बरतें।
अफसर करेंगे निगरानी
संतकबीरनगर। कोरोना को लेकर शासन के निर्देश पर जिले के चार सीएचसी और जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में मॉकड्रिल मंगलवार को किया जाएगा। जिसे लेकर तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार शाम तक मॉकड्रिल को लेकर तैयारी चलती रही। मॉकड्रिल वाले जगहों पर नोडल अफसर नियुक्त किए गए हैं, जो मॉकड्रिल की निगरानी करेंगे।