डेढ़ माह से लापता था नतर्क, पुलिया के नीचे मिला कंकाल
- कंकाल में कपड़े और कलाई में चूड़ी से हुई शिनाख्त
- पीड़ित भाई और भतीजे ने की शिनाख्त
धनघटा। महुली क्षेत्र के काली जगदीशपुर-मोलनापुर मार्ग पर स्थित काली जगदीशपुर गांव के निकट पुलिया के नीचे सोमवार को वृद्ध का कंकाल मिला। सूचना पर आस-पास के लोगों के साथ पुलिस मौके पर पहुंच गई। कंकाल में चिपके कपड़े और कलाई में चूड़ी के आधार पर उसकी शिनाख्त डेढ़ माह से लापता नतर्क राम प्रसाद उर्फ खुशबू निवासी डुहिया धनघटा के रूप में हुई। पीड़ित भाई और भतीजे ने शिनाख्त की पुष्टि की। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया।
काली जगदीशपुर चौकी इंचार्ज हरिकेश भारती ने बताया कि धनघटा क्षेत्र के डुहिया का रहने वाला 68 वर्षीय राम प्रसाद उर्फ खुशबू पुत्र सहदेव राजभर 15-20 वर्षों से काली जगदीशपुर में रहता था। वह नृत्य करके पैसा कमाकर जीवन यापन करता था। उम्र ढलने पर राम प्रसाद उर्फ खुशबू स्त्री परिधान में काली जगदीशपुर में रहकर लोगों के दरवाजे पर जाकर मांगकर पेट भरने का काम करता था। पूछताछ में आस-पास के लोगों ने बताया कि राम प्रसाद डेढ़ महीने से क्षेत्र से दिखाई नहीं दे रहा था। सोमवार को मोलनापुर-काली मार्ग पर काली जगदीशपुर गांव के निकट पुलिया के नीचे कंकाल देखकर लोगों ने शोर मचाया तो काफी संख्या में भीड़ जुट गई। सूचना पर चौकी प्रभारी हरिकेश भारती मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कंकाल को बाहर निकलवाया।
लोगों ने कंकाल की पहचान पहने गए कपड़े चौर चूड़ी से नर्तक राम प्रसाद उर्फ खुशबू के रूप में की। पुलिस की सूचना पर पीड़ित भाई कैलाश राजभर बेटे महेंद्र के साथ मौके पर पहुंचकर शिनाख्त की। पुलिस ने मौत का कारण स्पष्ट कराने के लिए कंकाल का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि मृतक की पत्नी की मौत कुछ साल पूर्व हो चुकी थी। एक बेटा झिनकान था। जिसकी भी मौत पांच वर्ष पहले हो चुकी थी। मृतक के परिवार में एक पतोहू और पतोहू की छ: बेटियां हैं। एसओ संतोष मिश्रा ने बताया कि कंकाल की शिनाख्त धनघटा क्षेत्र के डुहिया गांव निवासी नर्तक रामप्रसाद उर्फ खूशबू के रूप में हुई है। कंकाल को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया गया है।