कुड़ीलाल रुंगटा इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करतीं न्यायिक अधिकारी। स्रोत:सूचना
संतकबीरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में कुड़ीलाल रुंगटा इंटर कॉलेज खलीलाबाद में मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें न्यायिक अधिकारी अनन्या साह द्वारा विद्यालय की प्रार्थना सभा में उपस्थित होकर छात्र-छात्राओं को संविधान संवाद अभियान के अंतर्गत सांविधानिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
न्यायिक अधिकारी अनन्या साह द्वारा विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना, मूलभूत अधिकारों, मूल कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व जैसे सांविधानिक मूल्यों की महत्ता बताते हुए विद्यार्थियों को इन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन, व्यवहार एवं सामाजिक आचरण में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही, विद्यार्थियों को संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने तथा एक जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को विधिक जागरूकता के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि कानून एवं संविधान की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है, ताकि वह अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी समुचित निर्वहन कर सके।
इस अवसर पर निधि मिश्रा, सिविल जज जूनियर डिवीजन फास्ट्रैक द्वितीय द्वारा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज खलीलाबाद में भी जागरूकता शिविर एवं प्रस्तावना पाठ कराया गया।