संतकबीरनगर। खलीलाबाद-बांसी रेललाइन के कार्य में तेजी आ गई है। यह रेलमार्ग दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलोरना के पास ओवरब्रिज का निर्माण होना है। इसके लिए सर्विसलेन बनाने का कार्य चल रहा है। सर्विसलेन तैयार होने के बाद ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हो जाएगा।
खलीलाबाद-बांसी होकर बहराइच रेलमार्ग 240 किलोमीटर लंबा है। इसमें खलीलाबाद, बलरामपुर, श्रावस्ती, और बहराइच में जंक्शन बनाया जाएगा। इस मार्ग पर 16 क्राॅसिंग और 12 हाल्ट स्टेशन बनने हैं। इसमें बांसी, खेसरहा, मेंहदावल, बखिरा, बघौली बाजार, डुमरियागंज और उतरौला आदि शामिल है। साथ ही नौ ओवरब्रिज और 132 अंडरपास बनेंगे। प्रथम चरण में खलीलाबाद से बांसी तक करीब 54 किलोमीटर का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
इसकी वजह यह है कि खलीलाबाद-बांसी रेल मार्ग का निर्माण दिसंबर 2026 में पूर्ण करा लिया जाना है। इस मार्ग पर चार स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज बनाए जाने हैं। इसमें खलीलाबाद, मेंहदावल, पसाई व बांसी शामिल हैं। इसके साथ ही 15 पुलिया, 14 पुल और 44 अंडरपास भी बनने हैं। इसमें से कई स्थानों पर कार्य चल रहा है। इस रेलमार्ग के लिए किसानों से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।
खलीलाबाद के मलोरना के पास हाईवे पर ओवरब्रिज बनाने के लिए सर्विसलेन का कार्य तेजी से हो रहा है, ताकि हाईवे से गुजरने वाले वाहन सर्विसलेन से होकर गुजर जाएं और निर्माण में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए।
0000000000000000000000
नई रेललाइन से सुगम होगी यात्रा, बढ़ेगा रोजगार
खलीलाबाद से बांसी तक रेललाइन बनने के बाद यह क्षेत्र रेल सेवा से जुड़ जाएगा। इससे लोगों का आवागमन सुगम होगा और उन्हें काफी लाभ मिलेगा। इसके साथ ही इस क्षेत्र के विकास में भी तेजी आने की उम्मीद है। इससे लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इस क्षेत्र के निवासी परमात्मा प्रसाद, जय सिंह आदि ने बताया कि खलीलाबाद-बांसी रेललाइन का निर्माण में तेजी आई है। उम्मीद जगी है कि जल्द ही रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
00000000000000000000000000
बन रही तीसरी लाइन, बढ़ेगी सुविधा
जहां खलीलाबाद-बांसी रेललाइन के लिए कार्य तेजी से हो रहा है वहीं खलीलाबाद रेलवे स्टेशन को जोड़ने के लिए तीसरी लाइन का कार्य भी कराया जा रह है। इसके लिए आधार तैयार कर लिया गया है। जल्द ही लाइन बिछाने का कार्य होगा। इससे खलीलाबाद रेलवे स्टेशन की सुविधाएं भी बढ़ जाएंगी और ट्रेनों को गति मिलेगी।
कोट
खलीलाबाद-बांसी नई रेल लाइन का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। खलीलाबाद के मलोरना के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए सर्विस लेन का कार्य चल रहा है। जल्द ही इसे पूरा करा लिया जाएगा। इसके बाद ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा।
-सत्तार अली, सहायक अभियंता, निर्माण इकाई