संतकबीरनगर। खलीलाबाद-बलरामपुर-बहराइच रेल मार्ग के निर्माण का कार्य में आखिरकार तेजी आ गई है। गेहूं कटने के बाद प्रथम चरण में खलीलाबाद से बांसी तक रेललाइन के लिए पटरी बिछाने के लिए मिट्टी गिराई जा रही है। अब तक 3500 किसानों में 300 करोड़ रुपये मुआवजा का वितरण किया जा चुका है।
खलीलाबाद से बांसी तक पहले चरण में होने वाले कार्य के लिए जमीन का अधिग्रहण कर लिया गया है। रेलवे ने बोर्ड भी लगा दिया है, समदा गांव के पास रेल लाइन बिछाने के लिए मिट्टी गिराई जा रही है। इससे उम्मीद जग गई है कि रेल लाइन का कार्य तेजी से होगा। खलीलाबाद-बलरामपुर-बहराईच मार्ग करीब 240.26 किमी लंबा होगा। इसमें जनपद के 56 गांव, सिद्धार्थनगर के 93, बलरामपुर के 65, श्रावस्ती के 30 और बहराइच के 19 गांवों से होकर रेलवे लाइन गुजरेगी।
जिले में खलीलाबाद डिग्री कॉलेज से आगे सरैया गांव के पश्चिम से रेलवे लाइन बनेगी और बघौली होते हुए बखिरा, मेंहदावल, पसाई, खेसरहा से बांसी तक जाएगी। इसमें दो जगह हॉल्ट बखिरा और पसाई में बनेगा। जबकि बघौली, मेंहदावल, खेसरहा और बांसी में स्टेशन होगा।