संतकबीरनगर। खलीलाबाद-बलरामपुर- बहराइच रेलवे लाइन अब रफ्तार पकड़ेगी। किसानों को मुआवजा देने के लिए 29 गांवों में भूमि अधिग्रहण का नोटिस जारी किया गया है। 30 दिन में इसके लिए आपत्ति मांगी गई है। इधर, रेलवे प्रशासन ने जमीनों पर अपना बोर्ड भी लगा दिया है। आपत्ति मिलने के बाद इन जमीनों के काश्तकारों को मुआवजे की रकम देने का कार्य शुरू हो जाएगा।
वर्ष 2017 में तत्कालीन रेल मंत्री पीयूष गोयल ने खलीलाबाद- बलरामपुर- बहराइच रेल लाइन की घोषणा की थी, तब लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा और यह क्षेत्र भी रेल लाइन से जुड़ जाएगा, लेकिन कार्य शुरू न होने से लोगों की उम्मीदें टूटने लगी। रेल लाइन के निर्माण में जो सबसे बड़ी बाधा बनी वह किसानों की भूमि का अधिग्रहण है।
खलीलाबाद से बांसी बलरामपुर श्रावस्ती से होकर बहराइच तक नई रेल लाइन बननी है। खलीलाबाद से बहराइच तक करीब 240 किलोमीटर की दूरी तक नई रेल लाइन बिछाई जानी है। इसमें संतकबीरनगर 56 गांव, सिद्धार्थनगर के 93 गांव, बलरामपुर के 65 गांव, श्रावस्ती में 30 गांव और बहराइच में 19 गांवों से होकर नई रेल लाइन बननी है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच में अभी सर्वे हो रहा है।
प्रथम चरण में खलीलाबाद से बांसी तक 54 किलोमीटर दूरी तक कार्य कराया जाना है। इसमें संतकबीरनगर जिले में खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के 31 गांवों की 75.128 हेक्टेयर जमीन, मेंहदावल तहसील के 25 गांवों की 66.862 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जानी है। इस प्रकार कुल 56 गांवों की 142 हेक्टेयर जमीन ली जानी है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई थी, इस बीच रेलवे ने एलाइमेंट बदल दिया, जिसके कारण भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया रुक गई।
अब प्रशासन ने 29 गांवों में भूमि अधिग्रहण के लिए नए सिरे से पहल की है। इसके लिए पहली नोटिस जारी किया गया है। एक महीने में आपत्ति मांगी गई है। आपत्ति के निस्तारण के बाद जमीनों के अधिग्रहण का कार्य शुरू होगा। इस बीच रेलवे ने भी अपना बोर्ड लगा दिया है।
इन गांवों में नोटिस
खलीलाबाद बांसी नई रेल लाइन के लिए मेंहदावल तहसील क्षेत्र के ग्राम घोरकटा, बधिनी, रेशमुर, परसवनिया, अमथरी, धोबहा, सिघौना, लंगडाबर गांवों में नोटिस दिया गया है। खलीलाबाद तहसील क्षेत्र में ग्राम चिट्ठापार, देवकली, नाउडाड़, जीनखाल, नाजिरजोत, बरहटा, भुअर, भिरवा, बारीगांव, मखदूमपुर, भगवानपुर, कड़सरी, समदा, अतरी, हारा पट्टी, बढ़या बाबू, लोरिक बारी, तरकुलवा, मडया, उस्काकला गांव में नोटिस दिया गया है।
नई रेल लाइन से मिलेगी राहत
खलीलाबाद- बहराइच रेल लाइन बनने से इस क्षेत्र के लाखों लोगों को आने- जाने में रेल की सुविधा मिलेगी। इससे न सिर्फ इन क्षेत्रों को विकास होगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
खलीलाबाद- बांसी नई रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण की नए सिरे से नोटिस जारी किया गया है। एक माह में आपत्ति मांगी गई है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद किसानों को मुआवजा देने के साथ ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
- आशीष पांडेय, भूमि अध्याप्ति अधिकारी