- एक जनवरी से अब तक दर्ज हुए 135 हादसों के केस
- धर्मसिंहवा थाना पर नहीं दर्ज हुआ मार्ग दुर्घटना का एक भी मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में पिछले आठ महीने में दुर्घटनाओं के मामले में कोतवाली खलीलाबाद अव्वल रहा है, जबकि धनघटा दूसरे स्थान पर है। वही धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र में एक भी मार्ग दुर्घटना का केस दर्ज नहीं हुआ है। पिछले आठ माह में जनपद के सभी थानाें पर कुल 135 हादसे दर्ज हुए हैं।
मार्ग दुर्घटना में हर वर्ष कई दर्जन लोग असमय अपनी जान गंवा रहे हैं। वहीं, हादसे का शिकार होकर बहुत से लोग अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ लेने में अपनी खून पसीने की कमाई गंवा देते हैं। इतना ही नहीं बहुत से लोग मार्ग दुर्घटना के चलते अपंगता का भी शिकार हो जाते हैं। जो पूरे जीवन उनके लिए टीस का कारण बना रहता है। प्रशासनिक अधिकारियों के लाख प्रयास के बाद भी मार्ग दुर्घटना के मामलों में कोई कमी नहीं आ रही है। जिले के लगभग सभी थाना क्षेत्रों के विभिन्न स्थानों पर दुर्घटनाएं हो रहीं हैं। इनमें खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र नंबर एक पर बना हुआ है। वहीं, धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र में एक जनवरी से लेकर अब तक एक भी दुर्घटना का केस दर्ज नहीं किया गया है। वहीं, धनघटा थाना क्षेत्र दूसरे और महुली मार्ग दुर्घटना के मामले में केस पंजीकृत करने के मामले में तीसरे स्थान पर बना हुआ है। एक जनवरी से लेकर अब तक दुधारा थाना क्षेत्र में सबसे निचले पायदान पर आया है और यहां पर सबसे कम हादसों के केस दर्ज हुए हैं।
कोतवाली खलीलाबाद 45
बखिरा 14
बेलहरकला 10
धनघटा 28
दुधारा 08
महुली 16
दुर्घटना के जो भी मामले प्रकाश में आते हैं, उनमें शत प्रतिशत केस दर्जकर कानूनी कार्रवाई की जाती है। कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाइवे होने की वजह से ज्यादा हादसे होते हैं। हादसों को कम करने के लिए यातायात पुलिस व एआरटीओ विभाग लगातार काम कर रहा है। समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाता है, ताकि दुर्घटनाओं को कम किया जा सकें।
सुशील कुमार सिंह, एएसपी