अमृत भारत स्टेशन में प्रदेश के 149 रेलवे स्टेशन हुए हैं चयनित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन के दिन बहुरने वाले हैं। इसका चयन अमृत भारत स्टेशन योजना में हुआ है। इसके तहत दो करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट मिलेगा। इससे यहां यात्री सुविधाओं के लिए काम होगा। सांसद प्रवीण निषाद ने यह बातें पत्रकार वार्ता के दौरान बताईं।
सांसद ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 7,143 किलोमीटर की 93,697 करोड़ रुपये की 83 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। रेलवे के लिए 17,507 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 149 रेलवे स्टेशन का चयन हुआ है। चयनित स्टेशनों को विश्व स्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किए जाने की योजना है।
आदर्श रेलवे स्टेशन खलीलाबाद और मगहर का चयन भी इस योजना में हुआ है। इसके अलाव बस्ती, अयोध्या, देवरिया, भटनी, आजमगढ़, वाराणसी आदि स्टेशन शामिल हैं। सांसद ने बताया कि खलीलाबाद और मगहर रेलवे स्टेशनों को दो करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट मिलेगा। इससे यात्री सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा।
इसमें शेड, बेंच, पार्क,वाचनालय आदि की सुविधाएं बढ़ाई जाएगी। उन्होने कहा कि शहर के मुखिलसपुर ओवरब्रिज पर अंडरपास बनाने के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। इसके टेंडर की प्रक्रिया भी चल रही है। उम्मीद है कि जल्द ही अंडरपास बनने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। अंडरपास बन जाने से व्यापारियों के साथ ही आमजन को आने-जाने में सहूलियत होगी।