उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की मंडलीय बैठक में बोले प्रदेश अध्यक्ष राममूरत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की मंडलीय बैठक बृहस्पतिवार को खलीलाबाद तहसील सभागार में हुई। इसमें लेखपालों की समस्याओं पर चर्चा की गई और निदान कराने की रणनीति तैयार की गई।
लेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष राममूरत यादव ने कहा कि लेखपालों की समस्याओं का निदान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि लेखपालों की एसीपी स्वीकृति, क्राप कटिंग मानदेय, एक लाख रुपये प्रभार बजट, खसरा प्रिंट, लैपटॉप रिचार्ज, 1600 रुपये प्रति डोंगल, कृषि गणना भुगतान, किसन सम्मान निधि मानदेय भुगतान आदि अगर लेखपालों को नहीं मिल रहा है तो उसकी सूचना संघ के तहसील अध्यक्ष उनके पास भेजे। इसे हर हाल में दिलाया जाएगा। उन्होंने कहाकि लेखपालों के मान सम्मान की रक्षा की जाएगी।
2800 ग्रेड पे दिलाने का कार्य किया जाएगा और लेखपालों का कानूनगो पर प्रमोशन कराया जाएगा। लेखपालों की सूची हर जिले में मंगाई जा रही है। विशिष्ठ अतिथि प्रदेश महामंत्री विनोद कश्यप ने कहाकि लेखपालों की एसीपी विसंगति को दूर किया जाएगा। बैठक का संचालन तहसील सह संयोजक जितेंद्र कन्नौजिया ने किया। इस अवसर पर निवर्तमान खंड मंत्री लालकृष्ण श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष बुद्घिराम चौधरी, जिला मंत्री प्रमोद कुमार, मीडिया प्रभारी इम्तियाज अहमद, कर्मराज चौरसिया, प्रेमलता, अंजू यादव, संजय कुमार, अभिषेक यादव, अमित मिश्रा, सुुरजीत यादव समेत अन्य मौजूद रहे।