खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर डीएपी खाद की रैक उतरवाते जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
जिले में पहुंची खाद की रैक, किसानों को मिलेगी राहत
- रैक से जिले को मिलेगी 18,000 बोरी डीएपी खाद
- 14 नवंबर तक 20 हजार बोरी डीएपी और मिलने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में खाद की रैक आ गई है। शनिवार को खलीलाबाद रैक पॉइंट पर नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड (किसान) कंपनी की खाद की रैक पहुंची। जिससे जनपद को लगभग 18,000 बोरी डीएपी खाद प्राप्त हो गई, जो जनपद के सभी क्षेत्रों में निजी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर भेजी जा रही है। इसी प्रकार 14 नवंबर तक कोरोमंडल इंटरनेशनल लिमिटेड (गोदावरी) कंपनी की खाद की रैंक प्राप्त हो जाएगी। जिससे जनपद को लगभग 20,000 बोरियां प्राप्त होंगी।
जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा ने बताया कि डीएम ने जनपद में डीएपी रैक लगाने के लिए राज्य स्तर को पत्र के माध्यम से डीएपी की मांग की थी। साथ ही उन्होंने बताया कि इफको कंपनी की डीएपी की रैक भी जनपद के लिए काकीनाडा पोर्ट से निकल चुकी है, जो जनपद में 18 नवंबर तक लग जाएगी, जिससे लगभग 40,000 बोरियां डीएपी प्राप्त हो जाएगी। इससे किसानों को खाद के लिए परेशान नहीं होना पडे़ेगा और उन्हें जरूरत के मुताबिक डीएपी की खाद उपलब्ध हो सकेगा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि प्रशासन किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह से कटिबद्ध हैं। रबी अभियान में किसानों को खाद-बीज की कमी नहीं होने पाएगी।