बुनकरों के लिए तैयार हो रहा विद्युत उपकेंद्र, दूर होगी बिजली की समस्या
- छह करोड़ की लगात से बरईपार में बन रहा उपकेंद्र, 24 घंटे होगी आपूर्ति
- जिले के 50 हजार बुनकरों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में करीब 50,000 बनुकर रहते है। इनका मुख्य पेशा बुनकरी है। बिजली की समस्या की वजह से इनके कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है। इस समस्या को दूर करने के लिए बखिरा क्षेत्र के बरईपार में छह करोड़ की लागत से स्वतंत्र विद्युत उपकेंद्र बनाया जा रहा है। जहां से बुनकरों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराए जाने की योजना है।
बुनकरों को हैंडलूम चलाने के लिए बुनकरों को पर्याप्त बिजली की जरूरत है, लेकिन बिजली की आपूर्ति नियमित रूप से न मिलने के कारण उद्योग पर संकट बना हुआ है। बिजली न रहने पर बुनकरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए शासन ने बखिरा क्षेत्र के बुनकर बाहुल्य क्षेत्र को स्वतंत्र फीडर से बिजली आपूर्ति की तैयारी शुरू की गई।
इसके लिए बरईपार में करीब छह करोड़ की लगात से विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जाने के लिए कदम उठाया गया है। वर्तमान में 33/11 विद्युत सब स्टेशन के निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके तहत कर्मचारियों के लिए भवन आदि बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। चूंकि बखिरा क्षेत्र के लेडुआ महुआ, अमरडोभा आदि क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बुनकर इस कारोबार से जुड़े हुए हैं। ऐसे में विद्युत उपकेंद्र के निर्माण से इस क्षेत्र के बुनकरों को सीधा लाभ होगा।
बुनकरों को निर्वाध रूप से 24 घंटे बिजली की आपूर्ति होगी और उन्हें बिजली की समस्या से निजात मिल सकेगी। ऐसे में इस विद्युत उपकेेंद्र के निर्माण से बुनकरों को काफी उम्मीदें लगी हुई हैं। क्षेत्र के बुनकर शमीउल्लाह, इसहाक आदि ने कहा कि बरईपास में बुनकरों के लिए बन रहा विद्युत उपकेंद्र बिजली की समस्या को दूर करने में काफी सहायक होगा।
इस संबंध में अधिशाषी अभियंता विद्युत वितरण खंड मेंहदावल सरोज कुमार ने कहा कि बरईपास में विद्युत उपकेंद्र का निर्माण चल रहा है। उम्मीद है कि दो माह में यह विद्युत उपकेंद्र बनकर तैयार हो जाएगा, इससे बुनकरों को निर्वाध रूप से बिजली की आपूर्ति हो सकेगी। इससे बिजली की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।