थाना प्रभारी ने ताजियादारों व डीजे संचालकों के साथ की बैठक
महुली। मोहर्रम को लेकर बृहस्पतिवार को थाना महुली में थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार पांडेय ने क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों, ताजियादारों व डीजे संचालकों के साथ बैठक की। इस दौरान लोगों से क्षेत्र की समस्याओं एवं सुझावों के संबंध में जानकारी ली। उच्चाधिकारियों के निर्देशों से सभी को अवगत कराया तथा उनका पालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में बताया गया कि ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने एवं विद्युत तारों तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। जुलूस मार्गों पर शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली सामग्री प्रसारित न करने की हिदायत दी गई।
किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक महुली ने बैठक में उपस्थित लोगों से आपसी समन्वय एवं सहयोग बनाए रखते हुए मोहर्रम को शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।
उपस्थित लोगों द्वारा पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।