‘योजनाओं से दलालों को रखें दूर, भ्रष्टाचार को करें शून्य’
संतकबीरनगर। जनपद के प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर हर विभागों की की ओर से संचालित होने वाली योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान वह कभी सख्त तो कभी नरम नजर आए। बार-बार सीएम के निर्देशों का हवाला देकर यहीं बताते नजर आए कि इन योजनाओं में करप्शन शून्य होने चाहिए। सात साल से विधायक होने और फिर मंत्री बनने पर भी वेतन नहीं लेने और खेतीबाड़ी से खुद का पेट पालने का जिक्र भी किया। उनका कहना था कि ऊपर अब पैसा नहीं पहुंचाना है। ऐसे में अधिकारी ईमानदारी से काम करें, ताकि सूबे की सरकार की मंशा पूर्ण हो सकें।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि सीएम की सोच है कि ग्रामीण बेरोजगार निराश्रित पशुओं की सेवा कर योजनाओं का लाभ उठाएं। ऐसे लोग अधिकतम चार निश्रारित पशु पाल सकते है और इसके एवज में उन्हें 3600 रुपये मासिक पारिश्रमिक मिलेगा। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार होनी चहिए।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉक्टर टीपी मिश्रा से उन्होंने अब तक ऐसे आवेदनों की संख्या पता की जो 39 थी। नगर पालिका खलीलाबाद की ईओ बीना सिंह को प्रभारी मंत्री ने रजिस्ट्री कार्यालय में अवस्थापना मद में फंड आने की जानकारी दी। साथ ही रजिस्ट्री कार्यालय में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की हिदायत दी। डीआरडीए के परियोजना निर्देशक प्रमोद यादव ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना की जानकारी दी। एक जिला एक उत्पाद में बखिरा बर्तन उद्योग के मामले में प्रभारी मंत्री ने उत्पादन के साथ बाजार पर विशेष ध्यान देने की जरूरत जताई। सुझाव दिया कि होटल और टेंट हाउसों पर अब फूल के बर्तन का चलन शुरू हुआ है। ऐसे में होटल और टेंट हाउस मालिकों से संपर्क करके फूल के बर्तन की खपत बढ़ाने पर ध्यान दें। अधूरे आंगनबाड़ी केद्रों की जानकारी ली।
कुपोषित बच्चों को गोद लेने की दी नसीहत
डीपीओ से कुपोषित बच्चों को लेकर सवाल किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि वह भी एक कुपोषित बच्चे को गोद लेंगे। डीएम समेत सभी
जिला स्तरीय अधिकारी एक-एक अतिकुपोषित बच्चे को गोद लेकर इसे कलंक को देश से मिटाने के लिए आगे आएं। बाद में डीआईओएस और बीएसए से कहा बीएड और बीटीसी का कोर्स दो वर्षीय हो गया है। बीएड और बीटीसी के प्रशिक्षुओं को साल में चार महीने स्कूलों में टीचिंग करना है। जबकि सीएम की सोच है कि बीएड और बीटीसी के प्रशिक्षुओं को दो साल में आठ महीने ऐसे सरकारी स्कूलों में अध्यापन कार्य के लिए लगाएं, जहां शिक्षकों की संख्या कम हो। इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। मुख्यमंत्री विवाह योजना, विधवा,वृद्घा, दिव्यांग पेंशन योजना की हकीकत जानी। कैंप लगाकर आन लाइन आवेदन की नि:शुल्क सुविधा मुहैया करा कर छूटे पात्रों को योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया। भाजपा के जिलाध्यक्ष सेतबान राय ने कोटेदार की शिकायत की तो प्रभारी मंत्री ने डीएसओ से कोटेदारी छोड़ देने वालों के प्रार्थना पत्र की जानकारी मांगी तो जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि पिछले महीने तक सिर्फ चार कोटेदारों ने ऐसा कदम उठाया है। प्रभारी मंत्री ने जल निगम और पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान इंडिया मार्क हैंडपंप की स्थित जानी। इस दौरान सांसद प्रवीण निषाद, डीएम रवीश गुप्ता, एसपी ब्रजेश सिंह, एडीएम रणविजय सिंह,सीडीओ बब्बन उपाध्याय, एएसपी असित श्रीवास्तव, पीडी प्रमोद यादव, अपर सीएमओ डॉक्टर मोहन झां, हिमांशु, आनंद त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
इंसेट
सब रजिस्ट्रार की भूमिका मिली तो जाएंगे जेल: प्रभारी मंत्री
संतकबीरनगर। प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल जिस दौरान समीक्षा बैठक कर रहे थे,उसी दौरान नेदुला के निवासी रामप्यारे आदि प्रार्थना पत्र लेकर पहुंच गए। पीड़ितों ने बताया कि कुछ लोगों ने तीन धुर जमीन का सौदा किया और फिर फर्जीवाड़ा कर धोखे से तीन बीघा जमीन रजिस्ट्री करा लिया। प्रभारी मंत्री ने डीएम से जानकारी हासिल की। डीएम ने केस दर्ज होने और विवेचना होने की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस प्रकरण में यदि सब रजिस्ट्रार की भूमिका मिली तो उन्हें जेल भेजा जाएगा।
................................
विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। रविंद्र जायसवाल ने कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का उद्धाटन किया। इसके बाद उन्होंने स्टालों पर पहुंचकर अवलोकन किया।
परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास रहा दौर
संतकबीरनगर। प्रभारी मंत्री ने जिले में 134 करोड की परियोजनाओ का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। 105 करोड की 33 सड़कों एवं 13 भवनों का लोकार्पण किया। जबकि 29 करोड़ की 12 सड़कें और पांच भवनों का शिलान्यास किया।
..................................
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रभारी मंत्री का स्वागत
फोटो सहित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर।रविंद्र जायसवाल के आगमन पर बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह स्वागत किया।
सरैया बाईपास पर खलीलाबाद नगर पालिका परिषद के चेयरमैन श्याम सुंदर वर्मा की अगुवाई में स्वागत किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने नगरपालिका क्षेत्र के संपूर्ण विकास का आश्वासन दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सेतवान राय, पूर्व जिलाध्यक्ष रामललित चौधरी,पूर्व जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश सिंह, नगर अध्यक्ष पीयूष सिंह, अश्वनी चौरसिया, एसपी चौधरी,रविंद्र यादव, दुर्विजय यादव आदि लोग मौजूद रहे।
.............................................
सुनी कार्यकर्ताओं की समस्याएं
संतकबीरनगर। जायसवाल ने डाक बंगला खलीलाबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर समस्याएं सुनीं। इस दौरान सांसद प्रवीन कुमार निषाद, विधायक खलीलाबाद दिग्विजय नारायन उर्फ जय चौबे, विधायक मेंहदावल राकेश सिंह बघेल, जिलाध्यक्ष सेतवान राय, पूर्व जिलाध्यक्ष राम ललित चौधरी, राकेश मिश्रा, अम्वरीष राय, दयाराम, आनंद त्रिपाठी, धनंजय पांडेय, दीपू सिंह, अत्रिमुनि राय, सचिन राय, राघवेंद्र तिवारी, राम पुरूषोत्तम गुप्ता, डब्लू सिंह, गजेंद्र पांडेय, चेयरमैन श्यामसुंदर वर्मा, सुनीता अग्रहरी, घनश्याम दास बिड़ला आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
..........................................
कबीर की समाधि पर टेका मत्था, मजार पर चढ़ाई चादर
-कार्यदायी संस्थाओं से निर्माण कार्यों की ली जानकारी
-समय से कार्य पूर्ण कराने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। प्रभारी मंत्री ने बृहस्पतिवार को संतकबीर की परिनिर्वाण स्थली मगहर पहुंचकर उनकी समाधि पर मत्था टेका और मजार पर चादर चढ़ाई। इसके बाद कार्यदाई संस्थाओं से निर्वाण स्थली पर हो रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को समय से पूरा कराएं।
प्रभारी मंत्री ने निर्वाण स्थली के विकास के लिए 20 प्रोजेक्ट पर कार्य कर रही वापकोस कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संतोष राणा से कार्य की प्रगति की रिपोर्ट मांगी। समय से काम पूरा नहीं होने पर फटकार लगाई। इसके बाद यूपीपीसीएल के कार्य में देरी के जवाब में प्रभारी चंद्रजीत यादव ने बताया कि समाधि परिसर में बनी बाउंड्रीवाल का कार्य अभी अधूरा है।जिसके कार्य में पुरातत्व की अनुमति देने में देरी बाधा बन रही है। इस दौरान सांसद प्रवीण निषाद,विधायक सदर दिग्विजय नरायन उर्फ जय चौबे,विधायक मेंहदावल राकेश सिंह बघेल, भाजपा जिलाध्यक्ष सेतभान राय,चेयरमैन संगीता वर्मा, महंत विचारदास, डीएम रवीश कुमार गुप्त, एसपी ब्रजेश सिंह, सीडीओ बब्बन उपाध्याय, एडीएम रणविजय सिंह, एएसपी असित श्रीवास्तव, एसडीएम एसपी सिंह, सीओ सदर रमेश कुमार, कोतवाल श्रीप्रकाश यादव,चौकी इंचार्ज केएन शाही,डॉ. हरिशरण शास्त्री, अवधेश सिंह, प्रदीप गुप्त, विजय प्रकाश कांदू आदि लोग मौजूद रहे। अंत में प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन के उपलक्ष्य में लगी तीन दिवसीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसका समापन किया।
.............................................
किसानों के हित में कार्य कर रही प्रदेश सरकार : प्रभारी मंत्री
फोटो सहित
-73 हजार करोड़ से अधिक गन्ना मूल्य का हुआ भुगतान
-लंबित सिंचाई परियोजनाओं को पूर्ण कराने के लिए हुई पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है। 73 हजार करोड़ से अधिक का गन्ना भुगतान किया गया, जबकि 36 हजार करोड़ से 86 लाख लघु एवं सीमांत किसानों का ऋण मोचन किया गया। इसके साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए एक करोड़ 18 लाख गरीब परिवारों को पांच लाख तक का नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने स्कूल चलो अभियान के तहत एक करोड़ 80 लाख बच्चों के नामांकन की जानकारी दी। 193 नए इंटर कालेज संचालित किए गए। 51 नए राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना की जा रही है। दो नए विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए भूमि-बजट की व्यवस्था कराई गई। 24 राजकीय पालीटेक्निक की स्थापना के साथ ही चार नए राजकीय इंजीनियरिंग कालेज की स्थापना कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जनपद मुख्यालयों को 24 घंटे बिजली दी जा रही है, जबकि तहसील मुख्यालयों को 20 व ग्रामीण क्षेत्र को 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है। प्रदेश में दो लाख करोड़ की निवेश परियोजनाओं पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। इससे पांच लाख लोगों को रोजगार मिला है। 20 हजार करोड़ के निवेश वाले डिफेंस कारीडोर की स्थापना हो रही है। इससे दो लाख 50 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही अब तक दो लाख 25 हजार भर्तिया पूर्ण हुई है। पुलिस, शिक्षा व अन्य विभागों में भर्ती की पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई है। जन कल्याण के लिए भी सरकार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 63 लाख से अधिक फर्जी राशन कार्ड निरस्त किए गए है।