कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं के खेलकूद की गतिविधियों को नियमित किए जाने को लेकर विद्यालय परिसर में खेल का मैदान बनाया जाएगा।
खेल शिक्षक प्रतिदिन छात्राओं को खेल से संबंधित जानकारी देंगे और उसी के अनुसार रोज की दिनचर्या तय होगी। राज्य परियोजना निदेशक ने इस बावत बीएसए को पत्र भेजकर व्यवस्था किए जाने को कहा है।
विद्यालयों में खेलकूद प्रतियोगिता को बढ़ावा देने के लिए राज्य परियोजना कार्यालय ने कार्ययोजना तैयार की है। जिसमें कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में खेल शिक्षक द्वारा नियमित रूप से खेलों का आयोजन किया जाएगा। खेल शिक्षक विद्यालय में मौजूद रहकर खेलकूद एवं थ्योरी कक्षा का संचालन करेंगे।
जिसके अनुसार विद्यालय की दिनचर्या तैयार होगी। इसके साथ ही हर विद्यालय में खेल का मैदान बनाया जाएगा। पर्याप्त मात्रा में विद्यालय में खेल संबंधी सामग्री खेल शिक्षक को उपलब्ध कराया जाएगा। खेल शिक्षक खेल संबंधी किए गए कार्यों को नियमित रूप से रजिस्टर पर लेखा जोखा अंकित करे।
यही नहीं जिला व्यायाम शिक्षक माह में एक बार जनपद स्तर पर खेल शिक्षकों की बैठक कर उन्हे आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
समय समय पर जिला व्यायाम शिक्षक कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे। खेल शिक्षक अपने विद्यालय के खेल में प्रतिभा रखने वाली बालिकाओं को विभिन्न स्तर पर होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराएंगे।
बीएसए महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जल्द ही खेल शिक्षकों के साथ बैठक कर कस्तूरबा विद्यालयों में खेल की गतिविधियों को नियमित करने की रणनीति तैयार की जाएगी।