बिड़हर घाट पर स्नान करने के लिए नदी में की गई बैरिकेडिंग।
- फोटो : KHALILABAD
कार्तिक पूर्णिमा आज, सरयू नदी में श्रद्धालु लगाएंगे आस्था की डुबकी
घाट पर सजने लगीं विभिन्न सामग्री की दुकानें
धनघटा। कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू नदी के बिडहर घाट समेत अन्य घाटों पर मंगलवार को श्रद्धालु पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाएंगे। इस मौके पर लगने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने का दावा तो किया है, लेकिन श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बांस के लगाए गए बैरियर को श्रद्धालु नकाफी बता रहे हैं। सोमवार को घाट पर पहुंचकर दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें सजाने में लगे हुए थे।
सरयू नदी के बिडहर घाट, रामबाग घाट, मैदी घाट, चहोड़ा घाट और चाड़ीपुर घाट पर पहुंचकर श्रद्धालु नदी में गोता लगाते हैं, लेकिन सर्वाधिक भीड़ बिडहर घाट पर होती है। संभावित भीड़ के मद्देनजर और नदी की गहराई को देखते हुए प्रशासन तीन दिन से मेले की तैयारियां करने में लगा हुआ था, लेकिन सोमवार शाम तक प्रशासनिक तैयारी आधी-अधूरी दिखी। वैसे थानाध्यक्ष केडी सिंह का कहना है कि सोमवार को रात नौ बजे से धनघटा बिडहर घाट होते हुए अंबेडकरनगर जाने वाले राज्य मार्ग को बंद कर दिया गया जाएगा। इसके अलावा उमरिया बाजार में बैरियर लगाकर वाहनों का परिवेश मेला क्षेत्र में वर्जित कर दिया गया। मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आठ इंस्पेक्टर, 20 सब इंस्पेक्टर, 120 सिपाही, एक प्लाटून पीएसी तैैनात है। छह बैरियर लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु स्नान के लिए गहरे पानी में न जा सकें इसके लिए पानी में बैरिकेटिंग किया गया है। वहीं दूसरी तरफ श्रद्धालु महंत राम लोटन, राम मूर्ति, इंद्रमणि आदि का कहना है प्रशासन द्वारा पतले पतले बांस से किया गया है, बैरिकेटिंग श्रद्धालुओं की भीड़ को रोक नहीं पाएगी। एसडीएम डॉ. रविंद्र कुमार ने कहा कि मेले में साफ-सफाई और बैरिकेटिंग कराने के लिए खंड विकास अधिकारी हैंसर बाजार को निर्देशित किया गया है। मेले में किसी भी तरह की कोई भी अव्यवस्था नहीं होने पाएगी।