पांच दिवसीय गणपति महायज्ञ एवं विराट संत सम्मेलन मेडऱापार स्थित श्रीराम जानकी मंदिर एवं माधव गोपी संस्कृत विद्यालय परिसर में आयोजित होगा। इसके लिए बुधवार को सीताराम यज्ञ समिति के तत्वाधान में कलश यात्रा निकाली गई।
यज्ञ स्थल से निकली इस यात्रा में कुल 101 कलश को लेकर कन्याएं चल रही थी। मेंडनापार से चलकर इंटर कालेज, पुलिस चौकी, आयुर्वेदिक अस्पताल, पूर्वांचल बैंक, मंगलबाजार, शनिचरा बाजार से होकर बखिरा झील से जल भरकर यज्ञ स्थल पर मंत्रोच्चार के साथ स्थापित की गई। इसके बाद पंचांग पूजन व मंडल प्रवेश भी कराया गया।
आयोजक पंडित जगन्नाथ त्रिपाठी ने बताया कि इस सम्मेलन में यज्ञ के विधानों को करने के लिए आमजन को सरल तरीका बताया जाएगा। इसके साथ ही उपस्थित धर्माचार्यों के निर्देशन में गणपति यज्ञ व कथा का रसपान श्रद्धालु करेंगे। बताया कि प्रतिदिन सायं 4 से 6 बजे तक कथा और रात्रि में 8 से 2 बजे रात्रि तक रामलीला का मंचन होगा। कलश यात्रा में रामनधि तिवारी, दिनेश सिंह, प्रवीण कुमार, भालपाठक, लालबहादुर सिंह, रामनरायन निषाद, सोहनलाल, बैजनाथ, प्रेमशंकर पाठक, सुरेन्द्र पाठक, वंशीधर मिश्र समेत कई लोग शामिल रहे।