भाजपा के कृष्ण व सपा के बलिराम के बीच सीधी टक्कर
- निर्दल सना परवीन ने वापस लिया नामांकन पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाली निर्दल प्रत्याशी सना परवीन ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। इसके साथ ही अब भाजपा के कृष्ण कुमार चौरसिया और सपा के बलिराम यादव के बीच सीधी टक्कर तय है। दोनों प्रत्याशी और उनके समर्थक अपने-अपने पक्ष में जिला पंचायत सदस्यों को करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। इसमें भाजपा से कृष्ण कुमार चौरसिया, सपा से बलिराम यादव व निर्दल सना परवीन शामिल थीं। मंगलवार को नामांकन पत्र वापस लिए जाने की तिथि निर्धारित थी। इसके लिए सुबह 11 बजे से सायं तीन बजे तक समय तय किया गया था। इस बीच करीब एक बजे निर्दल प्रत्याशी सना परवीन कलेक्ट्रेट पहुंची और अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। इस प्रकार अब दो प्रत्याशी ही चुनाव मैंदान में रह गए हैं। इसमें भाजपा के कृष्ण कुमार चौरसिया और सपा के बलिराम यादव शामिल हैं।
मतदान तीन जुलाई को होना है। ऐसे में दोनों प्रत्याशियों ने जिला पंचायत सदस्यों को अपने-अपने पक्ष में करने के लिए जोर आजमाईश तेज कर दी है। वैसे अधिकतर जिला पंचायत सदस्य किसी न किसी खेमे में जा चुके हैं और भूमिगत हो गए हैं। उनके मोबाइल नंबर भी बंद हैं। ऐसे में जिला पंचायत सदस्यों से सीधा संपर्क नहीं हो पा रहा है, फिर भी जिला पंचायत सदस्यों के नाते-रिश्तेदारों के जरिए संपर्क करने का प्रयास चल रहा है। इसमें किसको कितनी सफलता मिलेगी, यह मतदान और मतगणना के बाद भी पता चल पाएगा, लेकिन भाजपा के कृष्ण कुमार चौरसिया व सपा के बलिराम यादव के बीच सीधी टक्कर से जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सरगर्मियां तेज हो गई है।