संतकबीरनगर। रविवार को जिले के 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में सबसे ज्यादा बुखार, खांसी, सिरदर्द और पेट दर्द से परेशान मरीज पहुंचे। शिविर में आयुर्वेद से इलाज कराने वाले मरीजों की भीड़ रही। 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर 1,441 मरीजों ने इलाज कराया। इस दौरान 76 मरीज बुखार के तो 33 मरीज संभावित मलेरिया के मिले। जिनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया चार मरीज मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए।
उप स्वास्थ्य केंद्र रोसयाबाजार पर सुबह नौ बजे से जन आरोग्य मेला लगाया गया। मेले में सबसे ज्यादा बुखार, पेट दर्द, सिरदर्द, खांसी की समस्या को लेकर मरीज पहुंचे। साथ ही छोटे बच्चों में बुखार और उल्टी दस्त की समस्या थी। परिजनोंं ने चिकित्सकों को दिखाकर बच्चों की दवा ली। कुछ बच्चों के ब्लड सैंपल की जांच भी कराई गई। शिविर में आए संदीप, नीरज और संजना ने बताया कि तीन दिन से बुखार था। अस्पताल पर शिविर लगा तो दिखाने आए थे। चिकित्सक ने दवा दी और तीन दिन बार फिर बुलाया है। तीन बजे तक मेले में 52 मरीजों ने इलाज कराया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि 52 मरीजों की जांच कर दवा दी गई। इस मौके पर डाॅ. राजेश कुमार, फार्मासिस्ट अनिल कुमार मौर्य, सुबिया साहिन, शरद वर्मा, सौरभ यादव, विद्यासागर पांडेय, चंद्र कला आदि मौजूद रहे। कांशीराम आवास स्थित उप नगरी स्वास्थ्य केंद्र पर जन आरोग्य शिविर लगा। यहां पर 109 मरीजों ने जांच कराया। इस दौरान फार्मासिस्ट मनोज कुमार मिश्र, दयाराम, रवि पांडेय, धर्मेंद्र नाथ, सुदामा प्रसाद, डॉ. नागेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। सीएमओ डाॅ. रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि जिले के 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर जन आरोग्य मेला का आयोजन किया गया जिसमें 1,441 मरीजों ने इलाज कराया है।