छात्रों के जाम की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
धनघटा के गागरगाड में स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज के सामने खोली गई अंग्रेजी व देशी शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को छात्र, अभिभावक व शिक्षकों ने सुबह दस बजे धनघटा- खलीलाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर एसडीएम कीर्तिका ज्योत्सना वहां पहुंची और जानकारी डीएम और पुलिस को दी। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
इससे करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। बाद में पहुंचे एएसपी, सीओ और जिला आबकारी अधिकारी ने दुकानों में ताला बंद करवा दिया।
गागरगाड में स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज के सामने खोली गई अंग्रेजी और देशी शराब की दुकान को हटाने की मांग विद्यालय परिवार और गांव के लोग काफी दिनों से कर रहे थे।
इसके लिए तहसील दिवस के साथ ही अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे चुके थे, लेकिन इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई।
विद्यालय के शिक्षकों का कहना था कि जिला आबकारी अधिकारी ने 24 अप्रैल तक दुकान हटवा देने का आश्वसन दिया था, लेकिन दुकान हटी नही। उसी वजह से छात्र, शिक्षक और अभिभावक लामबंद होकर धनघटा- खलीलाबाद मार्ग को कॉलेज गेट के सामने जाम करना पड़ा।
एसओ सबाहुद्दीन ने बताया कि पुलिस के पहुंचते ही रास्ता खाली हो गया। दुकानदारो को अगले आदेश तक दुकान बंद रखने का निर्देश दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी रामशंकर सिंह ने बताया कि दूसरी जगह दुकान खोलने के लिए जगह की तलाश की जा रही है। वैसे दुकान में ताला बंद करा दिया गया है। इधर रास्ता जाम किए जाने की सूचना पर एसओ महुली अनिल सिंह के साथ काफी पुलिस कर्मी पुलिस कर्मी वहां पहुंच गए थे