जालसाज ने खाते से लगभग दो लाख निकाले
धर्मसिंहवा। क्षेत्र के बैंक ऑफ बडौदा की मेंहदूपार शाखा के एक उपभोक्ता के खाते से जालसाज ने 2,12,969 रुपये की निकासी कर ली। खाते से कई किस्तों में रकम निकाली गई। बैंक में पैसा निकालने गए पीड़ित को मामले की जानकारी हुई। सोमवार को पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मेंहदूपार निवासी सतीश चंद्र शुक्ल ने बताया कि उनका खाता बैंक ऑफ बडौदा की मेंहदूपार शाखा में है। उनके खाते से आठ अप्रैल और चार जून को जालसाज ने 2,12,969 रुपये निकाल लिया। पैसा निकालने बैंक गए तो मामले की जानकारी हुई। उसके बाद शाखा प्रबंधक से मामले की शिकायत किया। शाखा प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई कराने की सलाह दी। सोमवार को पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। एसओ रवींद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।