प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखिरा में जलभराव से मरीजों को दिक्कतें हो रही है।
- फोटो : KHALILABAD
बखिरा पीएचसी परिसर में जलभराव, बिना इलाज कराए ही लौटे कई मरीज
अमर उजाला ब्यूरो
बखिरा। कई दिनों से हो रही बारिश से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखिरा परिसर में जलभराव हो गया है। इससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जलभराव की वजह से सोमवार को कई लोग बिना इलाज कराए लौट गए।
मरीज रामसमय, घनश्याम, राममोहन, गिरधारीलाल, कुसुमलता, प्रेमा, जहीरुलहक, मो. अमीन ने बताया कि अस्पताल परिसर में जलभराव की समस्या है। जिससे अस्पताल में जाने में दिक्कत हो रही है। कई मरीज जलभराव व कीचड़ को देखकर बिना इलाज कराए ही लौट गए। अस्पताल कर्मचारियों को भी परिसर के भीतर जाने में दिक्कतें हो रही है। मरीजों का कहना है की बारिश में हमेशा जलभराव हो जाता है। इसके लिए जिम्मेदारों से शिकायत भी किया गया, लेकिन अभी तक कुछ भी नहीं किया गया है। इस बाबत चिकित्सा प्रभारी डॉ. उत्तम सिंह ने बताया कि यह सच है कि बारिश होने पर अस्पताल परिसर में जलभराव हो जाता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग से बजट की मांग की गई है। पूर्व में निरीक्षण करने आए डीएम के संज्ञान में भी मामले का लाया गया है, बावजूद इसके समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे अस्पताल कर्मियों और मरीजों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है।