- सोमवार को पकड़े गए 55 छुट्टा पशु, राहगीरों को हो रही थी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर की सड़कों पर छुट्टा पशुओं के कारण लोगों को आने- जाने में परेशानी हो रही है। इस समस्या को 23 सितंबर के अंक में अमर उजाला ने सड़कों पर छुट्टा पशुओं का आतंक... कागजों में धरपकड़ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद जागी नगर पालिक ने पशुओ के पकड़ने का कार्य शुरू किया है। पकड़े गए पशुओं को शहर में टीम पकड़ कर गोशाला पहुंचा रही है।
शहर में घूम रहे छुट्टा पशुओं के चलते जहां यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं आम लोेग भी परेशान है। स्थिति यह है कि शहर के गोलाबाजार, बरदहिया बाजार, आजाद चौक, बैक चौराहा, विधियानी, पुरानी सब्जी मंडी, गोरखल आदि क्षेत्रों में छुट्टा पशुओं के आतंक से लोग भयभीत रहते हैं। इस समस्या को अमर उलाजा ने प्रमुखता से प्रकाशित किया तो इसको नगर पालिका परिषद ने संज्ञान में लिया है। सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर पशुओं को पकड़ा। इस दौरान टीम दिनभर छुट्टा पशुओं को पकड़ने में जुटी रही। टीम का दावा है कि दिनभर में 55 पशुओं को पकड़ा गया है। पकड़े गए पशुओं को टीम ने कान्हा पशु आश्रय में पहुंचा दिया है। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के ईओ अवधेश कुमार ने बताया कि छुट्टा पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही जो भी लोग अपने पशु खुले में छोड़ दे रहे हैं, उन्हें चेतावनी दी गई है कि ऐसा न करें, अन्यथा जुर्माना वसूला जाएगा।