चैतन्य भारत आईटीआई कॉलेज भुजैनी के छात्रों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि कैंपस सलेक्शन के बाद 116 छात्रों को नौकरी के लिए कॉलेज ने अहमदाबाद भेजा। वहां पहुंचने पर पता चला कि उन्हें ठेकेदारों के अंदर काम करना होगा। नाराज छात्रों ने आरोप लगाया कि उनके साथ धोखाधड़ी की जा रही है। प्रदर्शन के बाद छात्रों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया और आईटीआई के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र सड़क पर उतरकर चक्का जाम करेंगे।
दरअसल, आईटीआई छात्र बड़ी संख्या में पूर्वाह्न 11 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। छात्रों ने कहा कि वर्ष 2014 में उन्होंने प्रवेश लिया तथा 2016 में आईटीआई उत्तीर्ण किया। आरोप लगाया कि कॉलेज में कैंपस सलेक्शन के लिए अहमदाबाद आईं तीन कंपनियों ने 116 छात्रों चयन किया। यहां प्रत्येक से एक हजार रुपये रूम का किराया भी लिया गया। अहमदाबाद पहुंचने पर एक व्यक्ति मिला जो उनसे कहा कि आप लोगों को अपने खर्चे पर मेडिकल कराना है और सभी को फिर से साक्षात्कार देना पड़ेगा। जब कंपनियों के बारे में पता किया गया तो पता चला कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। नौकरी की बजाय ठेकेेदारों के हाथों में सौंप दिया गया है। किसी तरह छात्र वापस आए और कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
छात्रों ने डीएम को ज्ञापन देकर मांग की कि विद्यालय के प्रबंधक और अन्य लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में अबू हमजा, अब्दुल कयूब, संतोष चौधरी, रविशंकर पांडेय, मनीष कुमार, अनिरूद्ध कुमार, सुनील कुमार, मनीष चौधरी, बौद्धराज, धीरेंद्र कुमार, बृजलाल, वेद प्रकाश, प्रमोद, बृजेश कुमार, अजय, दयाशंकर, संदीप कुमार, रंगपाल चौधरी, विशाल चौधरी, अभिमन्यु कुमार, राजवंत, कादिर अली, सलमान खान, कृष्ण माधव, नीरज गुप्ता आदि शामिल रहे।