संतकबीरनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मंझरिया से कटका मार्ग का 19 करोड़ 46 लाख से चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। शासन ने इसकी मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ ही बुधवार को सदर विधायक अंकुरराज तिवारी ने बयारा चौराहे पर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
इस मार्ग के बनने से जहां धनघटा और खजनी की राह आसान होगी वहीं तामेश्वरनाथ कारिडोर से यह मार्ग जुडे़गा, जिससे तामेश्वरनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को भी वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। मंझरिया से कोडरी होते हुए कटका मार्ग की लंबाई 10.300 किलोमीटर है। यह मार्ग आगे मोलनापुर मार्ग से जुड़ता है। मार्ग के चौड़ीकरण के लिए प्रशासन ने शासन को प्रस्ताव भेजा था। इस शासन ने स्वीकृति प्रदान कर दिया है। इस मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण पर 19 करोड़ 45 लाख 83 हजार रुपये खर्च होंगे।
इसके लिए प्रथम किस्त के रूप में 583.75 लाख रुपये अवमुक्त हो गए हैं। इस सड़क के चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से बयारा, गड़सरपार, बनकटवा, गिरधरपुर, कटका आदि चौराहों की सूरत भी बदलेगी।
बुधवार को सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने बयरा में इस मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास जेसीबी चलाकर किया। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी, साथ ही व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। यह मार्ग बाबा तामेश्वरनाथ धाम को भी जोड़ने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों को बेहतर सड़कों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस दौरान रणजीत सिंह, कुलदीप मिश्रा, रामस्वरूप मिश्रा, रामस्नेह गुप्ता, सदानंद चौरसिया, हरिओम चौहान, दीनानाथ, रामप्रीत चौहान, दीपचंद यादव, रामचंद्र, धर्मेंद्र गौड़, विजयी चौहान, विकास चौहान, श्याम दुलारी, शांति देवी, मन्ना देवी आदि मौजूद रहे।
00000000000000000
लंबे अरसे से बदहाल है सड़क
मंझरिया से कटका जाने वाला मार्ग लंबे अरसे से बदहाल है। सड़क की गिट्टियां उखड़ गई है, जिसके कारण लोगों को आने- जाने में काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। इस क्षेत्र के निवासी सुजीत चौहान, राहुल कुमार आदि ने बताया कि यह सड़क काफी महत्वपूर्ण है। यह रिंग रोड के रूप में भी चिन्हित है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से आवागमन आसान हो जाएगा। बगैर शहर में प्रवेश किए धनघटा और खजनी की तरफ आने- जाने में लोगों को सहूलियत मिलेगी। साथ ही तामेश्वरनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को भी वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा।