विकास खंड हैंसर बाजार के घोरांग गांव में कराए गए विकास कार्यों की जांच करते संयुक्त कमिश्नर।
धनघटा। हैंसर ब्लाॅक के घोरांग व बहराडाड़ी गांव में संयुक्त विकास आयुक्त पद्यमकांत शुक्ला ने विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने टंकी बनने के बाद भी पानी न मिलने की शिकायत की। जिस पर उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जताई।
घोरांग पहुंचे संयुक्त विकास आयुक्त को ग्रामीणों ने शहीद सत्यवान सिंह के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीरो के सम्मान में पूरा देश गर्व करता है। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह राठौर ने गांव के विकास पर विस्तृत चर्चा कर गांव की समस्याओं से अवगत कराया। जिसे जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया गया। निरीक्षण के दौरान आयोजित चौपाल में ग्रामीणों से बात की। विभिन्न योजनाओं के विषय में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के संपादन में किसी प्रकार की दिक्कत आ रही हो तो उसे अवगत कराया जाए। जिससे समय से समस्या का समाधान किया जा सके।
चौपाल में मौजूद अधिकांश ग्रामीणों ने किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, शौचालय, आवास आदि की समस्या रखी। इसके साथ ही पानी न मिलने की शिकायत की। संयुक्त विकास आयुक्त ने बहराडाड़ी स्थित विद्यालय का निरीक्षण किया। ब्लाॅक मुख्यालय पर संयुक्त विकास आयुक्त ने अभिलेखों को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। इस अवसर पर बीडीओ राम प्रताप पांडेय, एडीओ पंचायत गजानन पाल, उपेंद्र चौधरी, शिवाजी सिंह, कोदई सिंह, कृष्ण मणि पांडेय, एडीओ आईएसबी जितेंद्र सिंह आदि लोग मौजूद रहे।