संयुक्त जिला अस्पताल परिसर में ड्रग सेंटर के लिए भूमि का का निरीक्षण करते डीएम मार्कंडेय शाही।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। संयुक्त जिला अस्पताल परिसर में ड्रग सेंटर के लिए जमीन चिह्नित करने गए डीएम मार्कंडेय शाही का सामना अस्पताल की खामियों से हुआ। इस दौरान वे परिसर में गंदगी देख बिफर पड़े। उन्होंने विभागीय जेई के साथ ही सीएमएस को चेतावनी देते हुए तत्काल व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही पर उन्होंने सीएमओ को जेई का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में एक ड्रग सेंटर स्थापित किया जाना है। अभी तक यह ड्रग सेंटर बघौली से संचालित हो रहा है। इसके लिए सीएमओ डॉ. अभय चंद्र श्रीवास्तव के साथ डीएम मार्कंडेय शाही दोपहर करीब 12 बजे जिला अस्पताल पहुंचे जहां उन्होंने परिसर के सामने की जमीन देखी और इसकी नाप-जोख कराई।
हालांकि यहां जगह कम होने के कारण सीएमओ दफ्तर के पीछे की खाली पड़ी जमीन को देखने पहुंच गए। यहां सीएमओ दफ्तर व जिला चिकित्सालय के बीच में खाली स्थान पर काफी गंदगी और जलजमाव था। डीएम ने जेई को फटकार लगाते हुए तत्काल मिट्टी गिरवाकर गंदगी दूर कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ को हिदायत दी कि जब तक मिट्टी गिराने का कार्य न हो जाए, तब तक जेई का वेतन आहरित न किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सीएमएस को भी फटकार लगाई। कहा कि मस्तिष्क ज्वर जैसी बीमारी हर साल फैल रही है, गांवों में दवा का छिड़काव कराया जा रहा है, लेकिन अस्पताल परिसर में ही गंदगी है।
इसे तत्काल दूर कराएं, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिया कि जमीन कम होने के कारण दो मंजिला ड्रग सेंटर का प्रस्ताव तैयार करें, ताकि शासन को भेजा जा सके।