जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों को परामर्श देते चिकित्सक। संवाद
संतकबीरनगर। अनियमित खानपान और खराब दिनचर्या से लोगों में फैटी लिवर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। इसके चपेट में युवा भी आ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में ऐसे 30 से 35 मरीज पहुंच रहे। डॉक्टर मरीजों को दवा के साथ ही खानपान में एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को 1043 लोगों ने पर्ची कटवाया। इनमें से 30 से 35 मरीज फैटी लिवर से पीड़ित मिल रहे हैं। फिजिशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि लिवर शरीर का महत्वपूर्ण अंग होता है, जो शरीर में भोजन पचाने से लेकर पित्त बनाने का कार्य करता है। पूरे शरीर को डिटॉक्स करके शरीर से विषैले पदार्थ भी बाहर निकालता है। हालांकि, खानपान और व्यायाम न करने से इन दिनों फैटी लिवर तेजी से लोगों को गिरफ्त में ले रहा है। लिवर पर वसा यानि फैट जमा होने से वह धीरे-धीरे खराब होने लगता है और पाचन तंत्र भी कमजोर हो जाता है। इसका सबसे बड़ा कारण जंक फूड, गलत खानपान, मोटापा और मधुमेह है। शुरुआत में परहेज बरतने के साथ नियमित दिनचर्चा, बेहतर खानपान से इस परेशानी को दूर किया जा सकता है।