अधूरा कार्य पूरा कराएं : सीडीओ
सीडीओ ने पौली ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पौली। सीडीओ अतुल कुमार मिश्र ने शुक्रवार को पौली ब्लॉक का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में सभी कर्मी मौजूद पाए गए। उसके बाद सीडीओ ने मातहतों के साथ बैठक कर विकास कार्यों को तेजी से निस्तारित कराने का निर्देश दिया।
ग्राम पंचायत अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान सीडीओ ने कहा कि शासन के प्राथमिकता वाले कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। 2020-21 में आवंटित किए गए प्रधानमंत्री आवास अधूरा है तो उसे लाभार्थी जल्द से जल्द बनवाएं। सामुदायिक शौचालयों के समूह को हस्तांतरित कर उसका प्रयोग सुनिश्चित कराएं। जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन नहीं बने हैं, वहां पंचायत भवन का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। प्राथमिक विद्यालयों का काया कल्प किया जाए। जहां शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं हैं, वहां शुद्घ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जिस ग्राम पंचायत में काम अधूरे पाए गए, वहां के ग्राम पंचायत अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर बीडीओ महाबीर सिंह और एडीओ पंचायत दिनेश राय आदि मौजूद थे।