सेमरियावां। विकास खंड सेमरियावां में तीन साल के मनरेगा विकास कार्यों एवं मनरेगा से डबटेलिंग योजना अंतर्गत कराए गए कार्यों की जांच की होगी। बीडीओ ने सभी सचिवों व तकनीकी सहायकों को पत्र जारी कर दिशा निर्देश देते हुए कहा कि यह जांच स्टेट क्वालिटी मानीटर मनरेगा बस्ती के इंजीनियर बाबूराम साहू के द्वारा 17 अप्रैल को होगी। जांच से सचिवों व ग्राम प्रधान में हड़कंप मचा हुआ है।
सेमरियावां ब्लाॅक में 113 ग्राम पंचायत है। स्टेट क्वालिटी मानीटर मनरेगा बस्ती मंडल इंजीनियर बाबूराम साहू के द्वारा मनरेगा कार्यों व मनरेगा से डबटेलिंग योजना अंतर्गत पिछले तीन वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 व 2025-26 में कराए गए कार्यों का निरीक्षण एवं जांच किया जाएगा। इस बाबत बीडीओ ने सभी सचिवों व तकनीकी सहायकों व जेई आरईडी और जेई लघु सिंचाई को पत्र जारी किया है कि 17 अप्रैल को संबंधित ग्राम पंचायतों की अद्यतन अभिलेख (लागत 5.00 लाख से ऊपर कच्चे कार्य एवं पक्के कार्यों) के साथ विकास खंड मुख्यालय पर उपस्थित रहना सुनिश्चित करें एवं जांच एवं निरीक्षण के समय मौके पर रहकर निरीक्षण कार्य कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। बीडीओ धर्मेश चंद्र पांडेय ने बताया कि जांच से संबंधित सभी सचिव, तकनीकी सहायक व जेई को दिशा निर्देश जारी किया गया है।