धनघटा। विकासखंड हैंसर बाजार के ग्राम पंचायत कटेया व चपरा पूर्वी में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता बरते जाने की शिकायत को बीडीओ ने गंभीरता से लेते हुए मातहत अधिकारियों को भेजकर जांच कराई।
ग्राम पंचायत कटेया में कच्ची सड़क का निर्माण मनरेगा मजदूरों से न कराकर ट्रैक्टर से कराए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण कार्रवाई की मांग किए थे। जिस पर बीडीओ आरपी पांडेय ने तकनीकी सहायक हेमंत कुमार मिश्रा को मौके पर भेजकर जांच करने का निर्देश दिया। बीडीओ के निर्देश पर तकनीकी सहायक ने परियोजना पर पहुंचकर शिकायतकर्ताओं और मनरेगा मजदूरों से पूछताछ करने के बाद मौके का निरीक्षण किया। तकनीकी सहायक ने बताया कि शिकायत की जांच पूर्ण कर ली गई है। जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जा रही है।
इसी तरह ग्राम पंचायत चपरा पूर्वी में प्राथमिक विद्यालय पर दिव्यांग शौचालय के निर्माण में अनियमितता बरते जाने की शिकायत ग्रामीणों ने किया था। जिसकी जांच मौके पर पहुंचकर सहायक पंचायत अधिकारी गजानन पाल ने किया।
खंड विकास अधिकारी आरपी पांडेय ने बताया कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह गांव में पहुंचकर कराए जाने वाले विकास कार्यों का निरीक्षण जरूर करें। इसी तरह तकनीकी सहायक भी मौके पर पहुंचकर कार्यों की गुणवत्ता को अच्छी तरह से जांचने के बाद ही एमबी करें।