राजकीय पॉलिटेक्निक सिरसी में जांच करते जेडी
- फोटो : KHALILABAD
जेडी के नेतृत्व जांच को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सिरसी पहुंची थी चार सदस्यीय टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा(संतकबीरनगर)। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सिरसी में अव्यवस्थाओं और छात्रों से धन उगाही की शिकायत की जांच करने सोमवार को जेडी के नेतृत्व में चार सदस्यीय जांच टीम कॉलेज पर पहुंची। जांच के बाद टीम ने छात्रों की शिकायत की पुष्टि की। ऐसे में प्रधानाचार्य पर गाज गिरने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
पिछले सप्ताह कॉलेज में अनियमितता और भोजन गुणवक्ताविहीन होने के विरोध में छात्रों ने दो दिन तक भोजन का बहिष्कार कर दिया था। मांग थी कि डीएम के आने बाद ही वह भोजन ग्रहण करेंगे। जानकारी पर एसडीएम प्रमोद कुमार पहुंचे और जांच की। छात्रों की शिकायत को सत्य बताते हुए एसडीएम ने जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी थी। डीएम की रिपोर्ट पर शासन ने जांच टीम गठित कर दी। जांच टीम में शामिल संयुक्त निदेशक प्राविधिक शिक्षा पूर्वी क्षेत्र सुरेंद्र प्रसाद, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक बलिया के प्रधानाचार्य एम एम सलीम, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज मऊ के प्रधानाचार्य बी एन चौधरी और एमआईटी के प्रधानाचार्य मदन मिश्र कॉलेज सोमवार को जांच को पहुंचे। टीम ने छात्रों से जानकारी हासिल करने के बाद प्रधानाचार्य ओपी यादव से भी जानकारी ली। जेडी ने कहा कि जांच में छात्रों की शिकायत सत्य पाई गई है। रिपोर्ट जल्द ही शासन को भेज दी जाएगी। शासन का जैसा निर्देश होगा आगे की कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज के प्रधानाचार्य ओपी यादव ने बताया कि विद्यालय में कर्मचारियों की कमी है। जिसकी वजह से दिक्कत आ रही है। जिसकी रिपोर्ट भी डीएम को भेजी जा रही है।