संतकबीरनगर। इंटरमीडिएट पास विद्यार्थियों को रोजगारपरक उच्च शिक्षा मिलेगी। इसके लिए एचसीएल टेकबी कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसमें गणित विषय में 60 प्रतिशत अंक पाने वाले छात्र ही शामिल हो सकेंगे। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों से ऐसे छात्रों की सूची मांगी है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत माध्यमिक विद्यालयों में एचसीएल टेकबी नाम से सेमिनार व कार्यक्रम चलाया जाना प्रस्तावित किया गया है। इसमें इंटरमीडिएट में गणित, व्यवसायिक गणित में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इन्ही विद्यार्थियों का चयन रोजगारपरक शिक्षा के लिए प्रशिक्षण दिया जाना है। इसमें यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएससी बोर्ड के विद्यार्थी शामिल होंगे।
डीआईओएस कार्यालय से माध्यमिक विद्यालयों से ऐसे छात्रों का नाम और मोबाइल नंबर भेजे जाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे की एचसीएल टेकबी सेमिनार में इन विद्यार्थियों को अधिक से अधिक प्रशिक्षण दिलाया जा सके। यह प्रशिक्षण पूरी तरह से नि:शुल्क होगा। डीआईओएस मनमोहन शर्मा ने बताया कि एचसीएल टेकबी कार्यक्रम के तहत गणित विषय में 60 प्रतिशत प्राप्तांक पाए छात्र शामिल होंगे। इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों को रोजगार परक उच्च शिक्षण प्राप्त हो सकेगा। सभी विद्यालयों को विद्यार्थियों की सूची और मोबाइल नंबर तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।