मेंहदावल के करमैनी ग्राम पंचायत में क्षतिग्रस्त इंटर लाकिंग सड़क फोटो स्रोत संवाद
मेंहदावल। विकास खंड के करमैनी ग्राम पंचायत में करीब 20 लाख रुपये की लागत से मनरेगा योजना के तहत बनाई गई इंटरलॉकिंग सड़क एक वर्ष के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क के कई हिस्सों में इंटरलॉकिंग उखड़कर खेतों में बिखर गई हैं और किनारों की मिट्टी बह जाने से सड़क धंसने लगी है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता संबंधी मानकों की अनदेखी की गई थी। पहली ही बारिश में सड़क की पोल खुल गई और जगह-जगह इंटरलॉकिंग उखड़ गई। कई स्थानों पर सड़क के नीचे से मिट्टी खिसक जाने के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की बदहाल स्थिति से किसानों और राहगीरों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों किनारों की मिट्टी बह जाने से इंटरलॉकिंग ईंटें खेतों में फैल गई हैं, जिससे सड़क लगातार संकरी और कमजोर होती जा रही है।
मामले में एडीओ पंचायत दलसिंगार यादव ने बताया कि सड़क क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। ग्राम पंचायत सचिव को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद जल्द ही सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।
वहीं, ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) शिवम दुबे ने बताया कि सड़क के नीचे चूहों द्वारा मिट्टी खोद देने के कारण सड़क का हिस्सा बैठ गया है। जल्द ही मरम्मत कराकर सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा।
जिले की एक अवैध कालोनी में चलता पीला पंजा। आर्काइव