- मेंहदावल ब्लॉक परिसर में तीन पेड़ कटवाने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। ब्लॉक कार्यालय परिसर से सागौन के पेड़ कटवाए जाने के मामले में मेंहदावल के खंड विकास अधिकारी अमरेश सिंह चौहान ने तत्कालीन बीडीओ सुरेश मौर्य के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए उर्दू अनुवादक एजाजुद्दीन को निर्देश दिया है।
बता दें कि छह जून के अंक में अमर उजाला ने ‘सागौन के दो पेड़ कटे, कार्यालय को जानकारी नहीं’ शीर्षक के साथ प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया था। इस मामले में वन विभाग ने जांच शुरू की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद मेंहदावल के तत्कालीन बीडीओ सुरेश कुमार मौर्य ने सहायक लेखाकार विनोद कुमार को दूरभाष के जरिए ठंड के मौसम में पेड़ कटवाने की घटना को स्वीकार किया था। यह दावा सहायक लेखाकार विनोद कुमार ने बीडीओ मेंहदावल अमरेश सिंह चौहान को पत्र जारी कर किया था।
पूर्व बीडीओ के द्वारा सागौन के पेड़ कटवाए जाने की पुष्टि होने के बाद मेंहदावल बीडीओ अमरेश सिंह चौहान हरकत में आ गए। उन्होंने पेड़ कटवाने की घटना को गलत मानते हुए उर्दू अनुवादक एजाजुद्दीन को जो कि ब्लॉक के संपत्ति के देखरेख की जिम्मेदारी भी संभालते हैं, उन्हें केस दर्ज कराने का निर्देश दिया है। इस मामले में जल्द थाने पर उर्दू अनुवादक की तरफ से तहरीर दी जाएगी।
ब्लॉक के सहायक लेखाकार विनोद कुमार ने पत्र जारी कर बताया था कि पूर्व बीडीओ सुरेश कुमार मौर्य ने पेड़ कटवाने की बात स्वीकार की है। ब्लॉक परिसर से पेड़ कटवाना सरासर गलत है। अब ब्लॉक में संपत्ति की रखवाली करने वाले उर्दू अनुवादक को केस दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं, जल्द इस मामले में केस दर्ज होगा।
- अमरेश सिंह चौहान, बीडीओ, मेंहदावल