डिप्टी डायरेक्टर पंचायत ने निर्माणाधीन योजनाओं को देखा
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। सोमवार को उप निदेशक पंचायत बस्ती मंडल बस्ती समरजीत यादव ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान विकास कार्यों को 15 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा डिप्टी डायरेक्टर पंचायत ने अगया और दशावां ग्राम पंचायत में विभिन्न निर्माणाधीन योजनाओं का भी स्थलीय निरीक्षण किया। सहायक विकास अधिकारी पंचायत कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सचिवों, ग्राम पंचायत अधिकारियों के साथ बैठक की। पंचायत भवनों, आरआरसी सेंटर, सामुदायिक शौचालयों, व्यक्तिगत शौचालयों समेत अन्य योजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए। दोनों जगहों पर आरआरसी सेंटर अधूरा पाया गया। संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए गांव में झाड़-झंखाड़, नालियों को साफ करने के निर्देश दिए।
वहीं उप निदेशक समरजीत यादव ने कहा कि संचारी रोग अभियान शुरू है। इसलिए ग्राम पंचायतों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें तथा मच्छर रोधी दवाओं के छिड़काव के साथ ही साथ ग्रामवासियों को जागरूक करें। इसके बाद विकासखंड के ग्राम पंचायत अगया एवं दशावां में सार्वजनिक शौचालय,पंचायत भवन, सोख्ता निर्माण, आरसी सेंटर आदि का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कुछ कार्य अपूर्ण पाए जाने पर रोष जताया। जिम्मेदारों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी पंचायत मईनुद्दीन सिद्दीकी, सचिव देव प्रताप सिंह, राहुल यादव, शिवमूरत मौर्य आदि मौजूद रहे।