संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार ने मंगलवार को जवाहर नवोदय विद्यालय हरिहरपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं के मेस में खाद्य सामग्री की पैकेजिंग आईएसआई मार्का युक्त न होने के कारण खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थ की सैंपलिंग कर जांच के लिए निर्देशित किया।
विद्यालय में सेनेटरी पैड बनाने एवं डिस्पोज ऑफ करने की मशीन खराब पाए जाने पर ठीक कराए जाने के निर्देश दिए। मौके पर दिव्यांग बच्चों के लिए निर्मित शौचालय को ठीक कराए जाने के लिए निर्देशित किया। डीएम ने निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का अभाव पाए जाने पर डीपीआरओ को निर्देशित किया कि सफाई कर्मियों की टीम बना कर संपूर्ण विद्यालय परिसर की सफाई सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने प्रयोगशाला के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई का निर्देश दिया तथा मौके पर विद्यालय में विद्युत आपूर्ति बेहतर करने के लिए अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया। डीएम ने विद्यालय की लाइब्रेरी को व्यवस्थित और सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए। पठन-पाठन की गुणवत्ता के संबंध में उपस्थित बच्चों से फीड बैक लेते हुए उनकी काॅपियों एवं पाठ्य पुस्तकों को भी देखा।
इस अवसर पर ओएसडी राकेश कुमार, कृष्णा गुप्ता आदि उपस्थित रहे।