कलक्ट्रेट पर जिला उद्योग बंधु की बैठक में मौजूद अधिकारी-स्रोत सूचना
संतकबीरनगर। जिला उद्योग बंधु, जिला निर्यात प्रोत्साहन एवं पीएम विश्वकर्मा जिला क्रियान्वयन समिति तथा विभाग की स्वरोजगारपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के अतिशीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। विधायक मेंहदावल व एडीएम जय प्रकाश की मौजूदगी में हुई बैठक में उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं जिसमें-मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना की प्रगति के संबंध में समिति को अवगत कराया। इसके साथ ही सीएम युवा अभियान के बारे में भी विस्तृत रूप से अद्यतन प्रगति से अवगत कराया। एडीएम ने प्रतिनिधि अग्रणी जिला प्रबन्धक व उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया गया कि इस अभियान को व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करते के लिए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति समय से सुनिश्चित करें। ओडीओपी वित्त पोषण सहायता योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनान्तर्गत बैंक शाखा स्तर पर स्वीकृत व वितरण के लिए लंबित आवेदन पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अन्तर्गत प्राप्त एमओयू एवं जीबीसी के लिए तैयार प्रस्तावों की गहन समीक्षा की गई। उद्यमी मित्र विशाल श्रीवास्तव ने अवगत कराया गया कि जनपद के लिए 2,000 करोड़ का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उसके सापेक्ष अब तक 1047 करोड़ का जीबीसी पोर्टल पर कर दिया गया है। बैठक में शिव शंकर विश्वकर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।