लोहरैया। क्षेत्र में तीन दिनों से जारी आंधी-पानी और तेज हवाओं के बाद परिषदीय विद्यालयों में हुए नुकसान को लेकर शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी हैंसर बाजार ज्ञान चंद्र मिश्र ने कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर भवन, परिसर, चहारदीवारी और आसपास की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रधानाध्यापकों को विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खंड शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय खजूर टिकरा और कंपोजिट विद्यालय फुलुई पहुंचकर विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। आंधी-पानी के बाद परिसर में साफ-सफाई, जलभराव और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखी। उन्होंने विद्यालय परिसर को सुरक्षित और स्वच्छ रखने तथा किसी भी संभावित खतरे को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय सलाहाबाद में यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से विद्यालय का गेट और चहारदीवारी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली। बीईओ ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने और इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बीईओ ने कहा कि आंधी-पानी के बाद विद्यालयों में गिरे पेड़, क्षतिग्रस्त भवन, चहारदीवारी या बिजली के तार जैसी असुरक्षित स्थिति को नजरअंदाज न किया जाए। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों को खतरे वाले स्थान से दूर रखा जाए और तत्काल विभाग को सूचना दी जाए। विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान बीईओ ने पठन-पाठन की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।