- 30 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजा
- कृषि विभाग एवं मजिस्ट्रेट की टीम ने बीज की दुकानों पर मारा छापा
संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर जिले में बीज की दुकानों की जांच के लिए कृषि विभाग एवं मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीमों ने शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में छापा मारकर कार्रवाई की। इस दौरान 51 दुकानों का निरीक्षण कर कुल तीन दुकानों को नोटिस जारी किया गया है, जबकि 30 नमूने लिए गए।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने बताया कि तहसील धनघटा में उप कृषि निदेशक डाॅ. राकेश कुमार सिंह एवं एसडीएम धनघटा, तहसील खलीलाबाद में भूमि संरक्षण अधिकारी सीपी सिंह व एसडीएम शैलेश दुबे व तहसील मेंहदावल में डाॅ. सर्वेश कुमार यादव व एसडीएम मेंहदावल की टीमें गठित कर बीजों की जांच के लिए औचक छापा मारा गया।
तहसील धनघटा में कुल 15 दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से पांच बीजों के नमूना ग्रहण किया गया। तहसील खलीलाबाद में कुल 12 दुकानों का निरीक्षण कर पांच बीज के नमूने ग्रहण लिए गए। तहसील मेंहदावल में 24 दुकानों का निरीक्षण कर 20 नमूने और दो दुकानदार न्यू किसान बीज भंडार मेंहदावल और मौर्या बीज भंडार डाडिया को दुकान बंद करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
जिला कृषि अधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में बीजों की जांच के लिए औचक छापे में कुल 51 दुकानों का निरीक्षण कर कुल तीन दुकानों को नोटिस जारी किया गया, जबकि कुल 30 संग्रहित नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। नमूने का परिणाम अमानक आने पर बीज नियंत्रण के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।