जिला कारागार का निरीक्षण करते जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश विकास गोस्वामी।संवाद
संतकबीरनगर। अपर जिला जज विकास गोस्वामी ने मंगलवार को जिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान जेल में साफ-सफाई व्यवस्था के बेहतर बनाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही कैदियों के पठन पाठन पर विशेष जोर दिया।
अपर जिला जज विकास गोस्वामी ने बताया कि वर्तमान में जिला कारागार में 373 सिद्धदोष बंदी, 374 विचाराधीन बंदी एवं एक एनएसए बंदी हैं। सभी बंदियों के बैरक में जाकर उनसे बातचीत की गई तथा बीमार बंदियों के स्वास्थ्य संबंधी हालचाल लिए गए। उन्होंने कहा कि अल्पवयस्क बंदियों के पठन-पाठन हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। वहां पर तैनात अध्यापकों से शिक्षण कार्य के संबंध में जानकारी ली गई और इसमें कोई समस्या आने पर जिला प्राधिकरण को सूचित करने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही पाकशाला में पक रहे पकवान का भी निरीक्षण किया। भोजन की गुणवत्ता बेहतर बनाने और जेल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक बाल कृष्ण मिश्र, जेलर आरके सिंह, उप कारापाल नयन कमल सिंह, गीता रानी, फार्मासिस्ट घनश्याम श्रीवास्तव, वरिष्ठ सहायक के के पांडेय, कनिष्ठ सहायक संदीप कुमार, जेल वार्डन सिद्धार्थ, उमाशंकर, दीपक, पराविधिक स्वयंसेवक मुलायम सिंह, श्याम नारायण समेत अन्य मौजूद रहे।