संतकबीरनगर। सहायक निदेशक स्वास्थ्य बस्ती मंडल डॉ. नीरज पांडेय ने सोमवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी में बाहर की दवा लिखे जाने की शिकायत मिलने पर नाराजगी जताई और डॉक्टरों को हिदायत दी कि अगर आगे से बाहर की दवा लिखी पर्ची मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
एडी हेल्थ डॉ. नीरज पांडेय सोमवार को अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। वे सबसे पहले नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ के कमरे में पहुंचे। वहां उन्होंने बाहर की दवा न लिखने की हिदायत दी। इसके बाद उन्होंने आईटीसीटी कक्ष, दंत रोग कक्ष, नेत्र रोग कक्ष, जनरल फिजीशियन कक्ष, हड्डी रोग कक्ष, दवा वितरण काउंटर आदि को देखा। पैथालॉजी विभाग के बाहर मरीजों की काफी भीड़ रही। मरीज बरामदे में जमीन पर बैठे थे। उन्होंने यहां कुर्सी लगवाने की बात कही है।
इसके बाद उन्होंने जनरल वार्ड, आईसीयू वार्ड, पीकू वार्ड और एमसीएच इकाई का निरीक्षण किया।