खून जांच लैब में एसी न देेखकर टीम ने जताई नाराजगी
- शासन से नामित कायाकल्प की टीम ने अस्पताल में देखी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। संयुक्त जिला अस्पताल को ग्रेड देने के लिए कायाकल्प की टीम मंगलवार को अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची। टीम ने अस्पताल के वार्ड और परिसर में घूमकर मरीजों को मिलने वाली यहां की सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही एकीकृत परामर्श एवं जांच केंद्र पर एसी न लगे होने पर नाराजगी जताई।
शासन अस्पतालों में बेहतर व्यवस्था पर पुरस्कार देेेती है। इसके लिए शासन से नामित कायाकल्प की टीम अस्पतालों का निरीक्षण करती है और अपनी रिपोर्ट देती है। मंगलवार को शासन से नामित कायाकल्प की टीम में शामिल डॉप्त आफताब रजा, डॉ. कमल मिश्र, डॉ. जसवंत मल्ल, अभिषेक यादव ने पूरे अस्पताल का भ्रमण किया। इस दौरान ड्रेसिंग कक्ष में मौजूद समस्त उपकरण व साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
ड्रेसर कक्ष के बाद उन्होंने इंजेक्शन कक्ष, डॉक्टर ड्यूटी कक्ष, ब्लड बैंक, मेडिकल वार्ड, सर्जिकल वार्ड, डायलिसिस रूम, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई, पोषण पुनर्वास केंद्र, मैटरनिटी वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, प्रसूति कक्ष का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने नवजात शिशु गहन इकाई कक्ष को देखा। इसके साथ ही ओपीडी का निरीक्षण किया वहां पर चिकित्सकों से बातचीत की।
टीम जब एकीकृत परामर्श एवं जांच केेंद्र पर पहुंची तो कमरे के अंदर काफी गर्मी थी। टीम के सदस्यों ने कहा कि यहां पर ब्लड सैंपल की जांच होती है ऐसे में गर्मी होने पर सैंपल खराब हो सकता है। इसलिए इस कक्ष में एसी की जरूरत है। यह घोर लापरवाही है, इसके लिए सीएमएस से बात की जाएगी।
इसके बाद टीम ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था को देखी। टीम द्वारा सुबह से लेकर दोपहर तक किए गए निरीक्षण के बाद अपनी रिपोर्ट तैयार कर शासन को सौंपेगी।
टीम में शामिल अभिषेक यादव ने बताया कि टीम ने अस्पताल परिसर का जायजा लिया है। जिसमें कई बिंदुओं को देखा गया है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इस दौरान अबूबकर समेत अन्य मौजूद रहे।