धनघटा (संतकबीरनगर)। महुली क्षेत्र के छितही गांव स्थित पीएनबी बैंक के पास शुक्रवार को दोपहर तीन बजे कार की चपेट में आकर पांच वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए सीएचसी केंद्र नाथनगर लेकर गए। हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
महुली-कुशहवा मार्ग पर छितही गांव निवासी मकसूद अहमद का पीएनबी के पास घर है। शुक्रवार दोपहर तीन बजे बेटी आमिना खातून घर से थोड़ी दूर स्थित दुकान पर कुछ सामान खरीदने गई थी। सामान खरीद कर घर पैदल लौट रही थी। इसी दौरान जैसे ही घर के पास मुख्य सड़क क्रॉस कर रही थी। उसी दौरान महुली से कुशहवा की तरफ जा रही कार ने आमिना को रौंद दिया।
इसके बाद चालक मौके से अपनी कार लेकर भाग गया। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने कार का नंबर नोट कर लिया है। परिजन सीएचसी नाथनगर ले कर गए। उपचार के दौरान हालत में सुधार होता नहीं देख चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने आमिना को मृत घोषित कर दिया।